वंदे भारत (हर्ष शर्मा) सोनभद्र के कोन थाना के रानीडीह स्थित गुप्ता धाम इन दिनों चर्चा में है। वैसे तो महाशिवरात्रि और सावन सोमवारी पर इस मंदिर में लोगों की भीड़ बढ़ जाती है लेकिन इन दिनों ये मंदिर किसी और वजह से चर्चा में है।दरअसल, मंदिर परिसर में बने गुफा के अंदर से एक लड़की बरामद हुई है। ये लड़की पिछले तीन महीने से गायब थी। लड़की झारखंड की रहने वाली है। जिस हाल में लड़की मिली, उसकी वजह से लोग उसकी पूजा कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर गुप्ता धाम परिसर स्थित गुफा से मिली एक लड़की का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। ये लड़की गुफा के ठीक सामने सांप की तरह जीभ निकालती नजर आई। लड़की को देखते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई। लड़की के परिजन भी गुफा पर आए और अपनी तीन महीने से लापता बेटी को गाजे-बाजे के साथ वापस ले गए। ये मामला आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
परिजनों को आया था सपना
मामले को लेकर आसपास के लोगों में काफी चर्चा हो रही है। घरवालों के मुताबिक़, उनकी बेटी पिछले तीन महीने से लापता थी। दो-तीन दिन पहले उन्हें सपने में अपनी बेटी नजर आई। उसने सपने में ही अपना पता बताया। लड़की ने कहा कि अखंड कीर्तन करने के बाद वो उसे गुफा से ले जा सकते हैं। इसके बाद जब घरवाले गुफा में गए तो वहां कोई नजर नहीं आया। ऐसे में उन्होंने सपने के अनुसार अखंड कीर्तन करवाया। इसके बाद जब वो गुफा में गए तो उन्हें अपनी बेटी नजर आ गई।
अंदर से आती थी आवाजें
वहीं मंदिर के पुजारी ने बताया कि पिछले कुछ महीने से गुफा से घंटी की आवाज आती थी। जब अंदर देखा जाता था तो कोई नजर नहीं आता था। पुजारी के मुताबिक़, गुफा में तीन महीने से एक पक्षी रह रही थी। सावन के दूसरे सोमवार को जब अंदर से लड़की निकली तो सभी हैरान रह गए। बता दें कि गुप्ता धाम में शंकर जी का प्राचीन मंदिर है। यहां शिवरात्रि पर मेले का आयोजन होता है। साथ ही सावन में भी भक्तों की भीड़ यहां उमड़ती है।


















































































