फरीदकोट का होनहार बेटा विदेश में हार गया जिंदगी की जंग
मानसिक तनाव के चलते कनाडा में फरीदकोट के युवक ने की आत्महत्या, परिवार ने सरकार से शव भारत लाने की लगाई गुहार
फरीदकोट (पंजाब): फरीदकोट के गांव पक्का नंबर 1 के रहने वाले 23 वर्षीय युवक आकाशदीप सिंह ने कनाडा में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आकाशदीप लगभग दो साल पहले स्टडी वीज़ा पर कनाडा गया था, लेकिन लंबे समय से काम नहीं मिलने के कारण मानसिक तनाव में था।
परिवार वालों के अनुसार, मौत से एक दिन पहले ही आकाशदीप ने अपने घरवालों से बातचीत की थी, लेकिन उसने कभी भी मानसिक तनाव या किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया। आत्महत्या की जानकारी आकाशदीप के दोस्तों द्वारा परिवार को दी गई, जिसके बाद गांव में मातम का माहौल छा गया है।
परिजनों ने बताया कि वह कनाडा में पढ़ाई के साथ-साथ खर्च चलाने के लिए काम भी करता था, लेकिन काम की कमी के चलते वह परेशान रहने लगा था। इसी तनाव के कारण उसने कनाडा में अपने घर के गैरेज में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
अब परिवार ने भारत सरकार और प्रशासन से आकाशदीप का शव भारत लाने में मदद की अपील की है। कनाडा में रह रहे रिश्तेदार और दोस्त मिलकर शव को भारत भेजने के लिए फंड इकट्ठा कर रहे हैं।

