news

किसानों का ‘दिल्ली चलो मार्च’ 29 फरवरी तक टला, संयुक्त किसान मोर्चा का बड़ा ऐलान

वंदे भारत-(हर्ष शर्मा) संयुक्त किसान मोर्चा ने 29 फरवरी तक अपना दिल्ली चलो मार्च स्थगित करने का फैसला किया है. किसान संगठन के नेता सरबन सिंह पंढेर ने खानेरी सीमा पर मीडिया से बातचीत में यह बात बताई. आगे की रणनीति पर 29 फरवरी को फैसला होगा.

उन्होंने कहा, “हम सभी दुखी हैं, हमने अपने युवा किसान शुभकरण सिंह को खो दिया. हमने फैसला लिया है कि 24 फरवरी यानी कल हम कैंडल मार्च निकालेंगे.

किसान नेता पंढेर ने बताया कि 26 फरवरी को डब्ल्यूटीओ की एक बैठक है और 25 फरवरी को शंभू और खनौरी दोनों जगहों पर हम सेमिनार करेंगे कि डब्ल्यूटीओ किसानों को कैसे प्रभावित कर रहा है. हम डब्ल्यूटीओ का पुतला जलाएंगे. डब्ल्यूटीओ ही नहीं हम कॉरपोरेट और सरकार का पुतला जलाएंगे.

27 फरवरी को होगी किसान यूनियनों की बैठक

संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से किसान नेता सरबन सिंह पंढेर ने आगे कहा, “पुलिस की बर्बरतापूर्ण हरकत से हरियाणा में आपात स्थिति पैदा हो गई है. कल शाम हम दोनों सीमाओं पर कैंडल मार्च निकालेंगे. डब्ल्यूटीओ किसानों के लिए कितना बुरा है, इस पर चर्चा करने के लिए हम कृषि क्षेत्र से बुद्धिजीवियों को बुलाएंगे. 27 फरवरी को हम किसान यूनियनों की बैठक करेंगे. 29 फरवरी को हम आंदोलन के लिए अपने अगले कदम की घोषणा करेंगे.”

हरियाणा पुलिस कर रही फर्जी एफआईआर’

भारतीय किसान यूनियन नौजवान के अभिमन्यू कोहार्ड ने बताया कि खीरी चोपता के किसान खनौरी बॉर्डर पर हमारे साथ आना चाहते हैं. पुलिस ने उन पर हमला किया, उन्होंने ट्रैकर्स के टायर पंक्चर कर दिए. 21 फरवरी को हरियाणा पुलिस ने किसानों के साथ जानवरों जैसा व्यवहार किया. हरियाणा पुलिस किसानों पर फर्जी FIR दर्ज कर रही है. हरियाणा पुलिस ने खालसा सहायता और पांच नदी चिकित्सा शिविरों पर हमला किया है. भारत जैसे लोकतंत्र में यह सहनीय नहीं है.”

सरकार ने अपने एजेंट्स को आंदोलन में भेजा’

किसान नेता ने बताया, “हम सुप्रीम कोर्ट और मानवाधिकार आयोग के सामने कई बातें रखना चाहते हैं. बॉर्डर पर मेडिकल सेवाएं मुहैया कराने वाले एनजीओ को अब सरकार की ओर से धमकी दी जा रही है. सरकार ने आंदोलन में अपने एजेंटों को शामिल कर लिया है और वे हमें मार सकते हैं. सरबन सिंह पंढेर ने कहा कि पंजाब सरकार के हाथ में कानून-व्यवस्था है, लेकिन अगर कोई हमें मार डालेगा तो वे मुंह मोड़ लेंगे.