Crime

अवैध खनन रोकने गए सहायक थानेदार सहित पांच पर हमला, रेत से भरी ट्राली और हमलावर को भी छुड़ा ले गए आरोपी

वंदे भारत- वीरवार रात सतलुज दरिया के किनारे अवैध रेत खनन को रोकने गए माछीवाड़ा पुलिस के सहायक थानेदार और कर्मचारियों पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमलावर पुलिस के कब्जे में से रेत से भरी एक अवैध ट्राली व पकड़े आरोपितों को भी छुड़वा कर ले गए। इस हमले में सहायक थानेदार जसवंत सिंह और कर्मचारी परमजीत सिंह को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

एसएसपी खन्ना ने बताया कि इस हमले में दो कर्मचारियों की हडि्डयां टूट गई हैं जबकि तीन अन्य कर्मचारियों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने महिंदर सिंह उर्फ लाला, कुलविंदर सिंह उर्फ काला, जरनैल सिंह उर्फ रिंकू, गुरप्रीत सिंह उर्फ लड्डू, कुलदीप सिंह, गगनदीप सिंह, वेदपाल और हनी समेत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से छह लोग वेदपाल, ऋषिपाल, गगनदीप सिंह उर्फ गगन, गुरप्रीत सिंह उर्फ लड्डू (सभी वासी टंडी मंड), मनप्रीत सिंह वासी मंड झड़ौदी और गुरविंदर सिंह उर्फ गुडू वासी फतेहपुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जिला खन्ना के एसएसपी अमनित कौंडल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सतलुज दरिया के किनारे अवैध रेत माइनिंग चल रही है। इस पर सहायक थानेदार जसवंत सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस पार्टी ने सतलुज दरिया में से रेत की भरी ट्राली जब्त कर ली और चालक को भी गिरफ्तार किया था।

पुलिस से मोबाइल व पैसे भी छीनकर ले गए

पुलिस पार्टी रेत से भरी ट्राली व चालक को गिरफ्तार कर माछीवाड़ा थाने की ओर आ रही थी तो रास्ते में कार सवार लोगों ने पुलिस अधिकारियों को घेर लिया। कार में सवार लोगों ने पुलिस के साथ हाथापाई शुरू कर दी और उन पर हमला कर दिया। साथ ही उनकी लाठियों से पिटाई भी की। इन हमलावरों ने पुलिस से रेत की भरी ट्राली छीन ली और पकड़े गए कथित आरोपी को भी पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया। एक कर्मी का मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये छीन लिए।