हाशमी दवाखाना के मालिक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मिली धमकी, मांगी गई 2 करोड़ की फिरौती
वन्दे भारत 24 : (अमरोहा) देश-विदेश में मशहूर हाशमी दवाखाना के मालिक और अमरोहा के प्रमुख कारोबारी परिवार को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी दी गई है। आरोप है कि डॉ. बुरहान उद्दीन हाशमी से फोन कॉल और व्हाट्सएप के जरिए 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग से राहुल, रोहित गोदारा का छोटा भाई, बताया है। 30 जुलाई की सुबह डॉ. सिराज उद्दीन हाशमी और उनके भाइयों के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई, लेकिन फोन रिसीव नहीं हो सका। इसके बाद डॉ. बुरहान उद्दीन हाशमी को कॉल और फिर धमकी भरे मैसेज और ऑडियो भेजे गए, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

डॉ. सिराज उद्दीन हाशमी अमरोहा के काजीजादा मोहल्ले के निवासी हैं। वे हाशमी दवाखाना के अलावा इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज और लॉ कॉलेज भी संचालित करते हैं। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। अमरोहा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीओ शक्ति सिंह ने बताया कि हाशमी परिवार को सुरक्षा प्रदान की गई है और धमकी देने वालों की तलाश के लिए तीन टीमें और साइबर सेल सक्रिय कर दी गई हैं।

