Punjab

अमेरिका में दो ट्रकों में टक्कर के बाद एक में लगी आग, आग में झुलसने से युवक की मौत पुलिस के एएसआई का था इकलौता बेटा, शोक में डूबा गांव, शव भारत लाने की मांग

वंदे भारत– मनदीप सिंह (24) पुत्र जरनैल सिंह निवासी गांव मुरादपुर (मुकेरियां) की अमेरिका में दो ट्रकों में टक्कर के बाद एक में पलटने से आग लग गई। इसमें झुलसने पर युवक की मौत हो गई है। मृतक पंजाब पुलिस के एएसआई जरनैल सिंह निवासी गांव मुरादपुर का इकलौता बेटा था। मौत की खबर पहुंचते ही पूरा गांव शोक में डूब गया। टांडा थाने में तैनात जरनैल सिंह ने बताया कि मनदीप वर्क परमिट पर 2019 में अमरीका गया था। वह निजी कंपनी का ट्रक चला रहा था। मनदीप से उनकी आखिरी बार 19 जून को बात हुई थी, जिसके बाद संपर्क नहीं हो पा रहा था। मंगलवार को फोन पर उसके हादसे में मारे जाने की खबर मिली।
जरनैल सिंह ने बताया कि विदेश से आए फोन और इसके बाद एकत्रित जानकारी में पता चला कि मनदीप सिंह 19 जून को ट्रक लेकर कनाडा जा रहा था। 20 जून को उसके ट्रक के साथ एक अन्य ट्रक टकरा गया। इससे मनदीप का ट्रक अनियंत्रित होकर कनाडा सीमा के पास पलट गया, जिसके बाद ट्रक में लगी आग में वह बुरी तरह झुलस गया। मौके पर पहुंची राहत दल की टीम तुरंत ही उसे अस्पताल ले गई, जहां 8 दिन बाद उसने मौत से लड़ते हुए मंगलवार को अलसुबह दम तोड़ दिया।

जरनैल सिंह ने बताया कि हादसे से कुछ घंटे पहले उनकी मनदीप से बात हुई थी। उन्होंने बेटे को फोन करके हालचाल पूछा। इसके बाद मनदीप सिंह ने कहा कि यहां रात बहुत हो गई है और वह कनाडा से लगभग 2 घंटे की दूरी पर ही है। खाना खा लिया है और अब सोने जा रहा है। सुबह कनाडा पहुंचते ही फोन करूंगा।


जरनैल सिंह ने बताया कि जानकारी के अनुसार, मनदीप के ट्रक में भीषण आग लग गई थी, लेकिन कुछ ही समय में मनदीप ट्रक का शीशा तोड़ कर खुद बाहर निकला था। जब वहां पर पहुंची राहत दल की टीमों द्वारा उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था तो मेडिकल टीम से उसने खुद को जला हुआ देखकर कहा कि मेरे शरीर का कोई भी अंग न काटा जाए, मैं ठीक हो जाऊंगा। लेकिन उसकी मौत हो गई। बातचीत में यह सामने आ रहा है की बॉडी ज्यादा जल गई है। क्या बॉडी सुरक्षित यहां तक पहुंच पाएगी, यह निर्णय लेने के बाद शव को भारत भेजा जाएगा। वहीं उन्होंने भारत सरकार से भी मांग की है कि बेटे के पार्थिव शरीर को भारत लाने में मदद की जाए, ताकि वह आखिरी बार अपने बेटे ते अंतिम दर्शन कर सकें। पिता जरनैल सिंह ने बताया कि अस्पताल के डॉक्टरों की टीम और पुलिस शव को भेजने के लिए काम कर रही है।