फगवाड़ा में फर्जी निहंग सिंह काबू: महिला संग शराब और चिकन खाते पकड़ा गया, मौके पर मचा हंगामा

फगवाड़ा (कपूरथला): शहर के जीटी रोड स्थित चिकन की दुकान के बाहर देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब निहंग सिंह का बाणा पहने एक व्यक्ति महिला के साथ गाड़ी में बैठकर शराब और चिकन का सेवन करता पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, स्कार्पियो गाड़ी पर “तरना दल दोआबा जत्थेबंदी” का स्टिकर लगा हुआ था। सूचना मिलने पर फगवाड़ा की सिख जत्थेबंदियां मौके पर पहुंचीं। जब उन्होंने व्यक्ति को पकड़ने की कोशिश की तो उसने किरपान निकालकर हमला करने और नकली पिस्तौल से डराने की कोशिश की।

सिख जत्थेबंदी के सदस्यों ने उसकी किरपान, पिस्तौल कवर और एक चाकू बरामद किया। बाद में गुस्साए लोगों ने उसका नीला चोला उतरवाकर उसे फटकार लगाई और कैमरे के सामने माफी मंगवाई। आरोपी ने अपना नाम सुरिंदर सिंह, निवासी जिला होशियारपुर बताया।
मौके पर पहुंची थाना सिटी पुलिस की एसएचओ ऊषा रानी ने स्थिति को संभाला और एसआई दर्शन सिंह भट्टी की टीम ने आरोपी और वाहन को थाने पहुंचाया।
सिख जत्थेबंदियों ने मांग की है कि आरोपी पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सिखों के बाणे का दुरुपयोग कर उनकी भावनाओं को ठेस न पहुंचा सके।

