गुजरात के वडोदरा और आणंद को जोड़ने वाला महिसागर नदी पर बना 43 साल पुराना गंभीरा पुल पादरा में एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 7.30 बजे पुल का एक हिस्सा ढह गया, जिससे नदी में दो ट्रक, दो वैन, कार और दोपहिया वाहन समेत कुल 5 वाहन गिर गए। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। अग्निशमन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से नदी में गिरे लोगों की तलाश जारी है। पादरा के पुलिस निरीक्षक विजय चरण के मुताबिक, अब तक चार लोगों को बचाया जा चुका है।
गंभीरा पुल का यह हादसा कई सवाल खड़ा करता है। जानकारी के अनुसार, यह पुल 43 साल पुराना था और मरम्मत की आवश्यकता थी, लेकिन समय रहते इसकी मरम्मत नहीं की गई। पुल के बगल में नया पुल बनाने की योजना तो थी, लेकिन इसके निर्माण कार्य की मंजूरी मिलने के बावजूद काम शुरू नहीं किया गया था।
#WATCH | Vadodara, Gujarat | The Gambhira bridge on the Mahisagar river, connecting Vadodara and Anand, collapses in Padra; local administration present at the spot. pic.twitter.com/7JlI2PQJJk
— ANI (@ANI) July 9, 2025
बताया जा रहा है कि सौराष्ट्र से आने वाले बड़े वाहन अक्सर इस पुल का इस्तेमाल करते थे, क्योंकि यह टोल टैक्स से बचने का एक मार्ग था। हालांकि, वडोदरा कलेक्टर के अनुसार, फिलहाल इस मार्ग के लिए कोई वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध नहीं कराया गया है।
इस दुर्घटना ने कई सवालों को जन्म दिया है, जैसे कि क्या प्रशासन ने पुल की जर्जर स्थिति को लेकर पर्याप्त ध्यान दिया था? पुल लंबे समय से हिल रहा था और इसके बारे में लगातार शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन उसे यातायात के लिए बंद नहीं किया गया। यह हादसा इस बात का स्पष्ट संकेत है कि समय रहते सुरक्षा उपायों को लागू करने की आवश्यकता थी।


Author: Harsh Sharma
Journalist