उद्योगपति गौरव डालमिया भी बनें यूपी के ‘महाठग’ का शिकार, 12 करोड़ का लगाया चूना, ईडी ने किया दावा
वंदे भारत– प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को यूपी के महाठग संजय प्रकाश राय शेरपुरिया के खिलाफ दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल किया. ईडी ने दावा किया है कि प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में वरिष्ठ नोकरशाहों व नेताओं से संबंध होने की बात कहकर बड़ों- बड़ों को चूना लगाने वाले इस महाठग का शिकार मशहूर उद्योपति गौरव डालमिया और उनका परिवार भी बना.
संजय प्रकाश राय ने उनसे 12 करोड़ रुपये की ठगी की यह धोखाधड़ी गौरव डालमिया के खिलाफ की जा रही ईडी की जांच से बचाने के नाम पर की गई. शेरपुरिया पर उत्तर प्रदेश में ठगी के मुकदमे दर्ज हैं. प्रवर्तन निदेशालय उसकी 14.54 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क कर चुकी है.ईडी द्वारा दाखिल किए गए आरोप पत्र में कहा गया, ‘उद्योगपति गौरव डालमिया ने कथित ठग संजय राय शेरपुरिया को 12 करोड़ रुपये दिए, जिसमें से 6 करोड़ रुपये का दान उनकी स्वयं सेवी संस्था (NGO) की तरफ से किया गया. वहीं, बाकी की 6 करोड़ रुपये की रकम कैश दी गई. ईडी की तरफ से कहा गया कि गौरव डालमिया और उनके परिवार के खिलाफ ईडी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है. संजय राय को इस बात की जानकारी थी, जिसका फायदा उठाते हुए उसने डालमिया परिवार को गिरफ्तारी का हर दिखाया.

गिरफ्तारी का डर दिखाकर ठगी
ईडी के मुताबिक अपने चिरपरिचित अंदाज में संजय राय ने डालमिया परिवार को नेताओं से संबंध होने की बात कहकर इस मुकदमे से बाहर निकालने का आश्वासन दिया. गिरफ्तारी का डर दिखाकर गौरव डालमिया से 12 करोड़ रुपये की ठगी की गई. कुल राशि में से छह करोड़ रुपये डालमिया परिवार ऑफिस ट्रस्ट से जनवरी 2023 में संजय राय से जुड़े यूथ रूरल एंटरप्रेन्योर फाउंडेशन (YREF) के बैंक खाते में डाल दिए.

पुरानी ज्वेलरी बेचने के नाम पर बेटे के बैंकों में डलवाए 6 करोड़
ईडी के मुताबिक डालमिया फैमिली ऑफिस ट्रस्ट से प्राप्त छह करोड़ रुपये की राशि को फर्जी दस्तावेज तैयार कर संजय राय ने वास्तविक बताने का प्रयास किया. बाकी के छह करोड़ रुपये की राशि कैश दी गई, जिसे बाद में पुरानी ज्वेलरी की बिक्री की आड़ में दिल्ली के कई ज्वेलर्स की मदद से हवाला माध्यम से रकम को बेटे यश संजयप्रकाश राय और सुजल संजयप्रकाश राय के बैंक खातों में डलवा दिया गया.

