Vande Bharat 24 Exclusive
दक्षिणी यूरोप और उत्तर अफ्रीका के बीच बुधवार को धरती अचानक कांप उठी। ग्रीस के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल क्रेते (Crete) में रिक्टर स्केल पर 6.3 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के मुताबिक, भूकंप की गहराई 83 किलोमीटर थी। इससे झटके तेज़ तो थे, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण अब तक किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
भूकंप के बाद स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन टीमें तुरंत सतर्क हो गईं और हालात पर करीबी नजर रखी जा रही है। लोगों से संयम बरतने और सतर्क रहने की अपील की गई है। क्रेते में लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है और कई लोग घरों से बाहर निकल आए।
मिस्र में भी महसूस किए गए झटके
भूकंप का असर सिर्फ ग्रीस तक सीमित नहीं रहा। मिस्र के उत्तरी हिस्सों में भी इस भूकंप के झटके महसूस किए गए। मिस्र के नेशनल रिसर्च इंस्टिट्यूट ऑफ एस्ट्रोनॉमी एंड जियोफिजिक्स ने बताया कि समुद्र में 431 किलोमीटर दूर भूकंप का केंद्र था, जहां 6.4 तीव्रता दर्ज की गई। हालांकि, मिस्र में भी अब तक किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
कितना खतरनाक होता है ऐसा भूकंप?
विशेषज्ञों के अनुसार, 6.0 से 6.9 तीव्रता का भूकंप शक्तिशाली श्रेणी में आता है। यदि इसका केंद्र धरती की सतह के पास हो, तो यह भारी तबाही मचा सकता है। लेकिन इस बार भूकंप की गहराई 80 किलोमीटर से अधिक होने के कारण इसका असर सीमित रहा और कोई बड़ी तबाही नहीं हुई।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन अधिकारियों ने सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया है।


















































































