आईपीएल 2024 के शेड्यूल का ऐलान, इस दिन होगा पहला मैच, जानिए हरेक डिटेल
वंदे भारत-(हर्ष शर्मा) इंडियन प्रीमियर लीग 2024 का शेड्यूल (Indian premier league 2024 schdule) आ गया है. इसका ऐलान आज (22 फरवरी) हुआ. आईपीएल शेड्यूल का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था.
आईपीएल में पहला मैच महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) की चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और विराट कोहली (Virat Kohli) की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच होगा. यह मुकाबला चेन्नई में खेला जाएगा. आम चुनाव को देखते हुए पहले 21 दिनों का शेड्यूल जारी किया गया है.
आईपीएल 2024 का ओपनिंग मैच चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच 22 मार्च को होगा. वहीं आईपीएल फाइनल 26 मई को खेले जाने की संभावना है. आईपीएल 2024 भी आईपीएल के 2023 सीजन की तरह होगा.
इसमें 74 मैच खेले जाएंगे, लेकिन पिछले साल 60 दिनों के बजाय, इस बार मैच 67 दिनों तक होंगे. आम चुनाव के कारण आईपीएल के शेड्यूल में एक सप्ताह का विस्तार किया गया है.
2019 में जब देश में लोकसभा चुनाव हुए थे, तब भी इसी तरह का एप्रोच अपनाया गया था, तब भी आईपीएल का शेड्यूल दो हिस्सों में आया था

बाकी शेड्यूल का ऐलान कब
आईपीएल अध्यक्ष अरुण धूमल ने पहले ही कहा था कि आईपीएल 22 मार्च से होगा. और आईपीएल का शेड्यूल टुकड़ों में आएगा. सबसे पहले आईपीएल के पहले चरण के शेड्यूल की घोषणा की जाएगी, इसके बाद आम चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद आईपीएल के दूसरे शेड्यूल का ऐलान होगा.

