news

इजरायल ने सीरिया में की एयरस्ट्राइक, 36 जवानों की मौत।

वंदे भारत(हर्ष शर्मा) मिडिल ईस्ट में एक बार फिर से हालात तनावपूर्ण हो रहे हैं। इसकी वजह ये है कि इजरायल ने शुक्रवार (29 मार्च) को सीरिया में एयरस्ट्राइक की है. समाचार एजेंसी एएफपी ने बताया है कि अलेप्पो शहर के पास हुई इजरायली एयरस्ट्राइक में सीरिया की सेना के 36 जवानों की मौत हुई है।

सेना का कहना है कि इस हमले में कई लोग बुरी तरह घायल भी हुए हैं, जबकि बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है. इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।

सीरियाई मीडिया ने एक सैन्य अधिकारी के हवाले से बताया है कि इजरायली एयरस्ट्राइक ऐसे समय पर हुई है, जब देश के विद्रोही गुटों ने अलेप्पो और इसके आस-पास के इलाकों पर ड्रोन से हमला किया है. हालांकि, अधिकारी की तरफ से हमले में हताहत होने वाले लोगों की सटीक संख्या नहीं बताई गई है। मगर एएफपी ने बताया है कि 36 सैनिक मारे गए हैं. ये हमला अलेप्पो के पास हुआ है, जो सीरिया के सबसे प्रमुख शहरों में से एक है।

हिज्बुल्लाह ग्रुप को बनाया गया निशाना

ब्रिटेन स्थित सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने कहा कि इजरायली हमलों में अलेप्पो के दक्षिणी उपनगर जिब्रीन में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास लेबनान के चरमपंथी समूह हिज्बुल्लाह ग्रुप के मिसाइल डिपो को टारगेट किया गया। इस हमले में दर्जनों सैनिक मारे गए और कई घायल हुए हैं। ऑब्जर्वेटरी का कहना है कि हमले के दो घंटे बाद भी धमाकों की आवाज सुनी गई है। इजरायली अधिकारियों की तरफ से अभी तक इस हमले को लेकर कोई बयान नहीं आया है।