Vande Bharat 24 Exclusive
जालंधर नगर निगम में उस समय हड़कंप मच गया जब विजिलेंस ब्यूरो की टीम एक बार फिर नगर निगम दफ्तर पहुंची। विजिलेंस की इस कार्रवाई से निगम के अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, विजिलेंस टीम ने सरफेस वाटर प्रोजेक्ट में हुई संभावित धांधली को लेकर जांच शुरू कर दी है।
जांच के दौरान एक महिला एटीपी से पूछताछ के समय उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद मौके पर डॉक्टर को बुलाना पड़ा। हालांकि, प्राथमिक इलाज के बाद स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
विजिलेंस की टीम ने सरफेस वाटर प्रोजेक्ट से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि इस महत्त्वपूर्ण प्रोजेक्ट के तहत भारी गड़बड़ियां और वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं। इसी क्रम में नगर निगम के कुछ और अधिकारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
नगर निगम में इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मचा हुआ है, और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कई और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।

Author: Harsh Sharma
Journalist