‘कुर्सी छोड़ो या 22 की 22 फसलों पर दो MSP…’, विपक्ष ने CM मान को घेरा; सिद्धू ने भी कसा तंज
‘कुर्सी छोड़ो या 22 की 22 फसलों पर दो MSP…’
विपक्ष ने CM मान को घेरा; सिद्धू ने भी कसा तंज
वंदे भारत- ( हर्ष शर्मा ) किसानी संघर्ष के बीच विपक्ष ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को घेरा है। अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया, विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, नवजोत सिंह सिद्धू आदि ने भगवंत मान के वीडियो शेयर कर मांग की कि अब पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का बिल लाने से कौन रोक रहा है। नवजोत सिद्धू ने तो मुख्यमंत्री के वीडियो को शेयर करते हुए लिखा ‘थोथा चना बाजे घना ए।’

विपक्ष ने शेयर की दो वीडियो
विपक्ष के नेताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के दो वीडियो शेयर किए। यह वीडियो तब के हैं जब भगवंत मान सांसद थे। इसमें भगवंत मान तत्कालीन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को कह रहे हैं ‘कुर्सी छोड़ो या 22 की 22 फसलों पर एमएसपी दो। 2022 में आप की सरकार आएगी 22 फसलें एमएसपी पर बिकेंगी। जो फसल एक बार मंडी में आ गई, सरकार की जिम्मेदारी होगी उसे खरीदने की। फिर चाहे कपास हो या नरमा, सुरजमुखी हो या मक्की।’
वहीं, दूसरे वीडियो में भगवंत मान कह रहे हैं ‘एमएसपी का बिल सरकार क्यों नहीं लेकर आती है। एमएसपी से कम पर फसल खरीदने पर 3 साल की सजा का प्रावधान होना चाहिए। पंजाब सरकार एमएसपी का बिल लेकर आए खरीद की गारंटी दे। केवल दो फसलों को एमएसपी पर खरीदा जाता है। क्या नरमा, कपास, मक्की उगाने वाले किसान नहीं है। पानी का राखा (कैप्टन अमरिंदर सिंह) कहलवाने वाले एमएसपी का बिल लेकर आए।’

इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा वीडियो
मुख्यमंत्री का वीडियो एक्स पर शेयर करते हुए प्रताप सिंह बाजवा ने लिखा ‘आप अपनी बात पूरी करो।’ वहीं, बिक्रम सिंह मजीठिया ने लिखा 22जी देओ 22 की 22 फसलों पर एमएसपी। मजीठिया ने कहा, मान साहब पहले तो बातें कर रहे थे अब उन्हें पूरी करने से कौन रोक रहा है। अब तो पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है और वह खुद मुख्यमंत्री। उन्हें किसानों का बाह पकड़नी चाहिए। उन्हें बिल लेकर आना चाहिए। मुख्यमंत्री का वीडियो तेजी से इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
