Crime

प्रेमिका के पति को फंसाने के लिए दोस्त की हत्या करने वाला गिरफ्तार

ढाई साल पहले दिया था वारदात को अंजाम, हत्या में इस्तेमाल रॉड भी बरामदसंवाद न्यूज एजेंसी

वंदे भारत- जिला पुलिस ने थाना लंबी के गांव चन्नू में करीब ढाई साल पहले हुए हत्याकांड में आरोपी जगदीश को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी से वारदात में इस्तेमाल रॉड भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी प्रेमिका के पति को हत्या के केस में फंसाने के लिए अपने बचपन के दोस्त गोरा सिंह की हत्या कर दी थी। घटना वाले दिन ही शव गांव में ही खेतों में पड़ा मिला था। सिर पर गहरे जख्म व जबड़ा बाहर निकला हुआ था। उस समय थाना लंबी में मृतक के बेटे अर्शदीप सिंह के बयानों पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था।बुधवार को पत्रकार वार्ता में एसपी (डी) रमनदीप सिंह भुल्लर ने बताया कि 9-11-2020 को गांव चन्नू में खेतों से व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मृतक गोरा सिंह के बेटे के अर्शदीप सिंह बयानों पर थाना लंबी में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस अधिकारियों का गठन कर लगातार जांच की जा रही थीं।

बचपन का दोस्त था गोरा सिंह
जांच में पता चला कि यह हत्या गांव चन्नू के ही रहने वाले जगदीश सिंह ने की थी। आरोपी को बुधवार को उसके गांव से गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसके गांव की रहने वाली एक महिला के साथ अवैध संबंध थे। वह महिला के पति को किसी केस में फंसाकर जेल भेजना चाहता था। गोरा सिंह उसका बचपन का दोस्त था। गोरा सिंह के साथ उसकी किसी तरह की दुश्मनी नहीं थी। वह प्रेमिका के पति को फंसाने के लिए गोरा सिंह को वह घर से बुलाकर बाहर सैर करने के लिए रात के समय ले गया।

पहले प्रेमिका के घर के बाहर फेंका था शव
आरोपी हाथ में लोहे की राॅड पकड़ी हुई थी। गोरा सिंह ने राॅड के बारे में पूछा भी था, लेकिन उसे कुछ नहीं बिना कुछ बताए टाल दिया। गांव में सैर करते हुए जगदीश सिंह गोरा सिंह के सिर पर राॅड से कई वार किए। बाद में शव उठाकर जगदीश सिंह ने प्रेमिका के घर के बाहर दरवाजे पर फेंक दिया। काफी देर तक देखता रहा कि कोई बाहर निकालकर शव को देखेगा, लेकिन प्रेमिका के घर से कोई भी रात के समय बाहर नहीं निकला। फिर उसने शव को उठाकर पास के खेतों में फेंक दिया। सुबह लोगों ने खेतों में पड़ा गोरा सिंह का शव देखा तो पुलिस को सूचित किया गया।