breakingCrimePunjabReligion

सब्जी मंडी में भीषण आग, प्लास्टिक क्रेटों में धमाके से मचा हड़कंप

लुधियाना जिले की सब्जी मंडी में सोमवार दोपहर लगभग 2 बजकर 15 मिनट पर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग फ्रूट शेड नंबर-30 में लगी थी, जहां बड़ी संख्या में प्लास्टिक की क्रेटें रखी हुई थीं

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्लास्टिक क्रेटों में आग लगने के बाद कई धमाके भी सुनाई दिए, जिससे मंडी में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोग अपनी-अपनी दुकानें छोड़कर भागने लगे। आग लगने के बाद आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया, जो दूर से ही दिखाई दे रहा था।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही 2 से 3 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। हालांकि, आग इतनी तेज थी कि उसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

बताया जा रहा है कि दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही सब्जी मंडी के दुकानदारों ने अपने स्तर पर पानी और रेत डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन बढ़ती लपटों के सामने उनके सभी प्रयास नाकाम रहे। कुछ ही देर में पूरी मंडी धुएं से भर गई और कई दुकानों को भारी नुकसान हुआ।

हालांकि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है, लेकिन लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल दमकल कर्मी आग को पूरी तरह काबू में लाने में जुटे हुए हैं और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

इस घटना ने लुधियाना शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और प्रशासन ने लोगों से प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *