Political

बहुचर्चित मिंटी कौर केस: AAP विधायक शीतल अंगुराल के विदेश जाने पर लगी रोक, अदालत में जमा करवाया पासपोर्ट

विधायक शीतल अंगुराल और मिंटी कौर के बीच चल रहे विवाद में शीतल अंगुराल ने वीरवार को अपना पासपोर्ट जालंधर की सीजेएम की कोर्ट में जमा करवा दिया है। ऐसे में अब शीतल केस के चलते विदेश नहीं जा पाएंगे।बीते दिनों हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत पर राहत मिलने के बाद वो सीजेएम अमित कुमार की अदालत में अपने वकील पंकज शर्मा व नवीन चड्ढा के साथ पेश हुए।

उन्होंने अदालत में दो केसों में 50-50 हजार व एक केस में 75000 रुपये के जमानती बांड जमा करवाए। इसके अलावा इन्हीं तीन केसों में 25-25 हजार रुपये मुआवजे की रकम भी जमा करवाई। इसी के साथ अदालत ने उन्हें एक सितंबर को हाई कोर्ट में पेश होकर यह सारी जानकारी देने के बारे में भी आदेश दिया।

साल 2017 में थाना डिवीजन नंबर छह में दर्ज हुए एक मुकदमे के तहत शीतल अंगुराल अदालत में नहीं पेश हुए थे। इस पर अदालत ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए थे। इसी मामले में उन्हें जमानत के लिए हाई कोर्ट जाना पड़ा था।

‘अदालत पर पूरा भरोसा है, इंसाफ जरूर मिलेगा’

शीतल अंगुराल ने कहा कि अदालत में जमानती बांड जमा करवा दिए गए हैं। उनको अदालत से जो आदेश मिले थे, उनको पूरा कर दिया है। उन्हें अदालत पर पूरा भरोसा है और उनको इंसाफ हर हाल में मिलेगा। उन्होंने कहा कि एक सितंबर को अगली पेशी पर वह तथ्य सामने लाएंगे कि उनको ब्लैकमेल किया जा रहा है और उन पर झूठे इल्जाम लगाए गए हैं।

बीते दिनों सीजेएम अमित कुमार गर्ग की अदालत में जालंधर वेस्ट के आप विधायक शीतल अंगुराल और हरविंदर कौर मिंटी केस में बार-बार समन भेजने के बावजूद पेश न होने पर सख्त कार्रवाई करते हुए विधायक के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। उनको 24 अगस्त तक गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किए जाने के आदेश दिए गए थे। ऐसे में विधायक अंगुराल 23 अगस्त को ही हाई कोर्ट में पेश हो गए थे।
यह है मामला
छह वर्ष पहले 18 मई 2017 को हरविंदर कौर मिंटी ने भाजपा नेता विजय सांपला के भतीजे आशु सांपला, शीतल अंगुराल सहित कुछ अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस को दी शिकायत में मिंटी ने कहा था कि आशु सांपला के साथ विवाद के बाद शीतल अंगुराल ने फेसबुक पर उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणी की है। थाना छह की पुलिस ने शिकायत के बाद जांच की और शीतल अंगुराल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।