CrimeJalandharnewsPoliticsPunjab

अर्बन एस्टेट फेस-2 गोलीकांड में घायल डॉक्टर राहुल का बयान, हालचाल जानने पहुंचे विधायक परगट सिंह

वन्दे भारत 24: अर्बन एस्टेट फेस-2 में किडनी अस्पताल के डॉक्टर राहुल सूद पर बाइक सवार हमलावरों ने गोली चला दी। इस हमले में घायल डॉक्टर फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन हैं। घटना उस समय हुई जब डॉक्टर राहुल अपनी बेटी के जन्मदिन के लिए सुपर मार्केट में खरीदारी करने गए थे।

सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि हमलावरों ने उन्हें जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। विरोध करने पर हमलावरों ने पहले हवा में दो गोलियां चलाईं और फिर उनके पैर में गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

डॉक्टर राहुल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि मार्केट से सामान लेकर बाहर निकलते ही कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया और गाड़ी में बैठने का दबाव बनाया। उन्होंने मना करते हुए कहा कि यदि उन्हें कुछ चाहिए तो गाड़ी से ले लें। लेकिन जब उन्होंने विरोध किया और धक्का दिया तो हमलावरों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। डॉक्टर राहुल ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है और न ही उन्हें कभी फिरौती की कॉल आई है।

इस बीच, डॉक्टर का हालचाल जानने के लिए कैंट से विधायक परगट सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टर की स्थिति में सुधार बताया और इस घटना को निंदनीय करार दिया। परगट सिंह ने कहा कि असली वजह का पता आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही चलेगा।

राजनीतिक सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए परगट सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू वर्तमान में विदेश दौरे पर हैं और उनके चुनाव लड़ने या प्रचार करने को लेकर अभी बातचीत नहीं हुई है। वहीं, 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी में मौजूद मतभेद जल्द दूर कर लिए जाएंगे और सभी नेता मिलकर एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *