बेंगलुरु में मनी हाइस्ट जैसी वारदात: सरकारी अफसर बनकर 7 करोड़ की लूट

20 NOV बेंगलुरु में मंगलवार को एक फिल्मी अंदाज़ की बड़ी लूट सामने आई, जब नकली सरकारी अधिकारियों के रूप में आए लुटेरों ने CMS कंपनी की एटीएम कैश लोडिंग गाड़ी को बीच रास्ते में रोककर करीब 7 करोड़ रुपये उड़ाए। जानकारी के अनुसार, लुटेरों ने खुद को सरकारी विभाग से जुड़ा बताते हुए “वेरिफिकेशन” के नाम पर वाहन को रोका। इसके बाद उन्होंने स्टाफ को गुमराह कर वाहन में रखी नकदी अपनी इनोवा कार में ट्रांसफर कर ली।
रिपोर्टों के मुताबिक, लुटेरे पैसे लेकर फरार होने से पहले कैश वैन और उसके कर्मचारियों को शहर के एक फ्लाईओवर के पास छोड़ गए। घटना सामने आने के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। शहरभर में अलर्ट जारी कर दिया गया है और सभी एग्ज़िट प्वॉइंट्स पर नाके लगा दिए गए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और इनोवा कार की तलाश में विशेष टीमें तैनात कर दी गई हैं।
अधिकारियों का कहना है कि यह घटना सुनियोजित लगती है और लुटेरों को CMS वैन की मूवमेंट की सटीक जानकारी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज़ कर दी है।
