JalandharPunjab

शाहकोट में अज्ञात हमलावरों ने युवक की गोली मारकर हत्या

20 दिसंबर….शाहकोट में आज शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी। मृतक की पहचान संदीप कुमार हंस उर्फ सोनू (32) पुत्र बग्गा निवासी रामदास कॉलोनी, शाहकोट के रूप में हुई है। संदीप कुमार शाहकोट की पुड्डा कॉलोनी में स्थित एक कबाड़ की दुकान पर काम करता था और कुछ दिन पहले ही उसकी शादी हुई थी।

जानकारी के अनुसार, आज शाम करीब 6:30 बजे संदीप अपने काम पर मौजूद था। इसी दौरान मुंह ढके हुए कुछ अज्ञात हमलावर दुकान पर पहुंचे और सामान के बारे में पूछताछ करने के बाद अचानक गोलियां चला दीं। एक गोली संदीप के मुंह पर और दूसरी उसकी गर्दन में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। हमलावर धुंध का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

साथियों द्वारा संदीप को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल और बाद में सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सुखपाल सिंह और एसएचओ इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह भुल्लर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से गोलियां और उनके खोल बरामद किए हैं। संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *