नौसरबाज ने पुलिस कमिश्नर की बनाई Fake Facebook ID, शहर के प्रतिष्ठित लोगों को भेज रहा फ्रेंड रिक्वेस्ट
नौसरबाज ने पुलिस कमिश्नर की बनाई Fake Facebook ID
शहर के प्रतिष्ठित लोगों को भेज रहा फ्रेंड रिक्वेस्ट
वंदे भारत- ( महिमा ठाकुर ) नौसरबाज ने लुधियाना के पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह चहल का फर्जी फेसबुक पेज बना दिया है। आरोपित ने सीपी के पेज के जैसा ही सेम पेज बनाया है और शहर के प्रतिष्ठित लोगों को पेज लाइक करने के लिए रिक्वेस्ट भी भेज रहा है। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और इसकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। आशंका जाहिर की जा रही है कि पुलिस कमिश्नर का पेज बनाने वाला व्यक्ति आम लोगों से पैसों की डिमांड भी कर सकता है, इसलिए इसे गंभीरता से लिया जा रहा है और नौसरबाज की तलाश की जा रही है।

कुलदीप चाहल नाम से यह पेज बनाया गया है। इस पर वही प्रोफाइल पिक्चर लगाई गई है जो सीपी कुलदीप चहल ने अपने पेज पर लगाई है। इसके अलावा कवर इमेज भी उनकी फोटो को लगाया गया है, जो सीपी के सही पेज पर लगाया गया है। पेज पुलिस कमिश्नर के नाम पर होने का भ्रम पालकर लोग इसे लाइक और फॉलो भी कर रहे हैं।
पहले भी बन चुके हैं पुलिस कमिश्नरों के फेक पेज
इससे पहले भी कौस्तुभ शर्मा, राकेश अग्रवाल समेत कई अधिकारियों के लुधियाना में पुलिस कमिश्नर रहते हुए उनके फेक पेज बनाए जा चुके हैं। समय रहते इसका पता चला और इन पेज को डिलीट करवा दिया गया था। हालांकि इन पेजों को बनाने वाले और ऑपरेट करने वाले का कभी पुलिस पता नहीं लगा पाई है।

पुलिस के फोटो लगे नंबरों से आती है धमकी भरी कॉल
बता दें कि नौसरबाजों द्वारा लोगों को पुलिस अधिकारियों के फोटो लगे नंबरों से व्हाट्सएप कॉल की जाती है और वह लोगों को उनके बेटे या रिश्तेदार के पकड़े जाने संबंधी जानकारी देते हैं। बाद में लोगों को डरा धमकाकर उनसे पैसों की वसूली करते हैं। इस तरह की काल शहर के कई राजनेताओं और उद्यमियों को आती रहती है।
फेसबुक से वेरीफाई पेज चलाते हैं कुलदीप चहल
सीपी कुलदीप चहल के नाम से बने फर्जी फेसबुक पेज की पुष्टि उनकी तरफ से की गई है। कुलदीप चाहल फेसबुक पर ब्लू टिक वाले वेरीफाई पेज को ही चलाते हैं और उस पर निरंतर अपडेट भी करते रहें।

