Punjab

110 करोड़ की लागत से आदमपुर एयरपोर्ट का नया टर्मिनल तैयार, जल्द शुरू होगी गोवा व नांदेड़ की फ्लाइट

वंदे भारत– जालंधर के आदमपुर एयरपोर्ट का नया टर्मिनल 110 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो गया है। अब तीन साल बाद फिर से उड़ानें शुरू होंगी। हाल ही में नवनियुक्त लोकसभा सांसद सुशील रिंकू ने इसका दौरा किया और कामकाज में तेजी लाने को कहा था।

केंद्रीय उड्डयन मंत्रालय ने बेंगलुरु, गोवा, कोलकाता, नांदेड़ के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने को लेकर हरी झंडी दे दी है। आदमपुर से स्पाइसजेट और स्टार एयर एयरलाइंस कंपनियों उड़ान भरने का टेंडर लिया है।

यहां से एक मई 2018 को दिल्ली-आदमपुर-दिल्ली की पहली सिविल फ्लाइट चालू हुई थी। मेकशिफ्ट अरेंजमेंट के तहत 2018 में बनाए गए इस सिविल टर्मिनल का अधिकतर हिस्सा फाइबर, प्लाईवुड एवं लोहे की चादरों से तैयार किया गया था। इस टर्मिनल को मार्च 2020 में ही तैयार होने वाली नई इमारत में शिफ्ट किया जाना था लेकिन नई इमारत का निर्माण कार्य पिछड़ता चला गया और वर्ष 2023 में आकर टर्मिनल तैयार हुआ है। हालांकि टैक्सी ट्रैक निर्माणाधीन होने की वजह से ऑपरेशनल नहीं हो पाया है। हालांकि यहां से नई दिल्ली के लिए स्पाइस जेट की फ्लाइट चलती थी लेकिन तीन साल से बंद हो गई थी। अब नया टर्मिनल तैयार हो चुका है और किसी भी क्षण फ्लाइट्स शुरू हो सकती हैं।