Congress द्वारा नई Working Committee का ऐलान, पंजाब के इन नेताओं को भी मिली जगह
वंदे भारत – कांग्रेस पार्टी से जुड़ी बेहद महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस पार्टी द्वारा नई वर्किंग कमेटी सी.डब्ल्यू.सी. (CWC) का ऐलान कर दिया गया है। कांग्रेस पार्टी की नई वर्किंग कमेटी में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का नाम भी शामिल किया गया है।
कांग्रेस पार्टी ने पूर्व सी.एम. चन्नी का नाम इस कमेटी में शामिल कर उन्हें खास स्थान दिया है। गौरतलब है कि इस सूची में सोनिया गांधी की बेहद करीबी अंबिका सोनी का नाम भी शामिल है।

आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने अहम कदम उठाते हुए नई वर्किंग कमेटी के नामों की लिस्ट जारी कर दी है। दरअसल, कांग्रेस के हलकों में भी इसका पिछले काफी समय से इंतज़ार चल रहा था कि कब नई वर्किंग कमेटी की घोषणा होगी और अब सभी का इंतज़ार खत्म करते हुए कांग्रेस पार्टी ने इसके सदस्यों के नामों की लिस्ट जारी कर दी है। मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद काफी समय से इस वर्किंग कमेटी के गठन का इंतज़ार किया जा रहा था।

बता दें कि CWC को कांग्रेस की सबसे बड़ी वर्किंग बॉडी माना जाता है। पिछले कुछ समय के संगठनात्मक फेरबदल के बाद इस कमेटी का ऐलान किया गया है। इस लिस्ट में श्री आनंदपुर साहिब से मौजूदा एम.पी. मनीष तिवारी का नाम भी शामिल है। साथ ही चंडीगढ़ से कई बार एम.पी. रह चुके पवन बांसल का नाम भी इस सूची में शामिल है। इस सूची में पार्टी ने 39 नाम शामिल किए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि कांग्रेस ने दलित समुदाय के वोट बैंक को ध्यान में रखते हुए इस लिस्ट में चरणजीत सिंह चन्नी का नाम शामिल किया है।

वहीं इस लिस्ट में मौजूदा पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और प्रताप सिंह बाजवा का नाम शामिल नहीं किया गया है। इसके अलावा इस सूची में सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सुखजिंदर रंधावा व सचिन पायलट सहित कई अन्य नाम भी शामिल किए गए हैं।
