पंजाब के नए चुने गए आईएएस एवं आईआरएस अधिकारियों ने किया विधानसभा का दौरा
– स्पीकर ने युवा अधिकारियों की प्रशंसा करके समाज की भलाई के कार्य करने को कहा
वंदे भारत- पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवा ने राज्य से चयनित आईएएस एवं आईआरएस अधिकारियों के साथ मंगलवार को बैठक की।इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री पंजाब डॉ. बलबीर सिंह भी मौजूद थे। यूपीएससी 2022 की परीक्षा पास करके चुने गए अधिकारियों ने विधानसभा का दौरा भी किया।

संधवा ने पंजाब विधानसभा सचिवालय में बैठक दौरान युवा अधिकारियों की प्रशंसा की। साथ ही उनसे समाज और लोगों की भलाई के लिए काम करने को कहा। संधवा ने युवा अधिकारियों को समर्पित भावना से सेवाएं निभाने, जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं को समझने और उन्हें हल करने के लिए लगन से काम करने को कहा। विधानसभा स्पीकर ने नए चुने अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नवनियुक्त अधिकारियों को शुभकामनाएं दी।

उन्होंने नए चुने अधिकारियों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव स्वास्थ्य विवेक प्रताप सिंह, पंजाब विधानसभा सचिव राम लोक खटाना और अतिरिक्त एडवोकेट पंजाब सुमनदीप सिंह वालिया भी उपस्थित थे।

