AccidentJalandharnewsPunjabReligion

मणिमहेश यात्रा से लौट रहे पंजाब के श्रद्धालुओं की कार खाई में गिरी, 2 की मौत, 2 घायल, 1 लापता

वन्दे भारत 24: चंबा/संगरूर। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर में मणिमहेश यात्रा से लौट रहे पंजाब के श्रद्धालुओं की कार रावी नदी में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, 2 गंभीर रूप से घायल हैं और एक व्यक्ति अब भी लापता है।

घटना बीती रात लगभग 1:30 बजे पठानकोट–भरमौर नेशनल हाईवे पर दुर्गेठी के धाई देवी मंदिर के पास हुई। बताया जा रहा है कि कार (PB-03-AL-1138) सड़क से करीब 250 मीटर नीचे लुढ़ककर उफनती रावी नदी में जा गिरी। हादसे का कारण सड़क पर आए कुत्ते को बचाने की कोशिश बताया जा रहा है।

मृतक और घायलों की स्थिति
पांच श्रद्धालुओं में से दो की मौके पर मौत हो गई। एक शव कार से बरामद हुआ, जबकि दूसरा शव घटनास्थल से लगभग 15 किलोमीटर दूर दरवाला में मिला। दोनों मृतकों की अभी पहचान नहीं हो पाई है।
घायल श्रद्धालुओं की पहचान मलसिंह (36) पुत्र बलविंदर और बंटी (19) पुत्र गुरजीत के रूप में हुई है, जो पंजाब के संगरूर जिले के खनूरी गांव मंडी मोनक के निवासी हैं। दोनों का चंबा अस्पताल में उपचार चल रहा है।

लापता श्रद्धालु की तलाश जारी
एक श्रद्धालु अब भी लापता है, जिसकी खोज के लिए एनडीआरएफ, होमगार्ड और पुलिस की टीमों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *