newsPoliticsPunjab

पंजाब को 1600 करोड़ की अतिरिक्त वित्तीय सहायता, पीएम मोदी ने किया एलान

मृतकों के परिजनों को 2 लाख अनुग्रह राशि और घायलों को 50,000 की सहायता का किया एलान

वन्दे भारत 24 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और गुरदासपुर में उच्चस्तरीय बैठक कर नुकसान का आकलन किया। बैठक के बाद पीएम मोदी ने पंजाब के लिए 1600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त वित्तीय सहायता की घोषणा की। यह राशि राज्य को पहले से उपलब्ध 12,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त होगी।

प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता देने की भी घोषणा की।

गुरदासपुर में प्रधानमंत्री ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के जवानों, आपदा मित्रों और बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात की। इस दौरान फोटो प्रदर्शनी के जरिये उन्हें राहत और बचाव कार्यों की जानकारी दी गई। पीएम मोदी ने राहत कार्यों में जुटे जवानों और स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।

बैठक में पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़, राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू सहित अन्य नेता और अधिकारी मौजूद रहे। सुनील जाखड़ ने प्रधानमंत्री को बाढ़ से तबाह हुई फसलों के बारे में जानकारी दी, वहीं किसानों और प्रभावित लोगों ने भी अपना दर्द साझा किया।

पीड़ितों से रूबरू होने के बाद प्रधानमंत्री ने हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया और इसके बाद वे दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने हिमाचल प्रदेश में भी आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया था और राज्य के लिए 1500 करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *