युवक की हत्या करने वाले तीन आरोपी को पुलिस ने दबोचा, एक लाख रुपए की सुपारी देकर करवाई हत्या; ये थी वजह
वंदे भारत-(सुरभी शर्मा) थाना गेट हकीमा के नजदीक अंडे बेचने की रेहड़ी लगाने वाले युवक यशपाल निवासी नजदीक भद्रकाली मंदिर की हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
इन लोगों से वारदात में इस्तेमाल किया गया पिस्टल भी बरामद कर लिया गया है। तीनों आरोपितों की पहचान प्रिंस उर्फ बॉक्सर निवासी से छेहरटा, दीपक प्रताप उर्फ भोलू निवासी छेहरटा और दानिश उर्फ गुग्गु निवासी कोट खालसा के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में कई खुलासे होने की उम्मीद
घटना की मुख्य आरोपित दीपक प्रताप उर्फ भोलू है जिसने यशपाल की सुपारी देकर हत्या करवाई थी। मृतक ने कई वर्षों पहले भोलू के दादा-दादी को जेल भिजवाया था। इसी रंजिश में उसने इस घटना को अंजाम दिया गया। आरोपितों को अभी अदालत में पेश करके रिमांड लिया जाना है और उनसे पूछताछ में कई खुलासे होने की उम्मीद है।

तीनों आरोपितों की पहचान, मामले में अभी एक आरोपित फरार
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 1 फरवरी 2024 की शाम 7:30 बजे के करीब थाना गेट हकीमा के नजदीक स्कूल के पास अंडे बेचने की रेहड़ी लगाने वाले यशपाल की कुछ लोगों ने गोलियां मार कर हत्या कर दी थी। मामला दर्ज करने के बाद एडीसीपी डॉ. दर्पण अहलूवालिया, डॉ. प्रज्ञा जैन, एसीपी सुरेंद्र सिंह, सीआईए स्टाफ के इंचार्ज अमोलकदीप सिंह और थाना गेट हकीमा की प्रभारी मनजीत कौर ने कड़ी मेहनत के साथ इस मामले को सुलझाया और तीनों आरोपितों की पहचान की इस मामले में अभी एक आरोपित फरार है।

जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपित घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए थे। आरोपित राजस्थान, दिल्ली और उत्तराखंड में जाकर छिप गए थे। तीनों जगह पर पुलिस की टीम में लगातार छापेमारी कर रही थी। इसके पश्चात दीपक उर्फ भोलू को पुलिस ने 15 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया था।
इसके पश्चात प्रिंस बॉक्सर और दानिश उर्फ गुग्गू को 17 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दीपक प्रताप उर्फ भोलू ने बताया कि उसने ही यह हत्या करवाई है और इसके लिए उसने अपने दोनों साथियों को सुपारी दी थी। उसके दोनों साथियों ने हत्या करने के लिए दो लाख रुपए की मांग की थी लेकिन उन्हें एक लाख रुपए दिए गए

यह पैसे लेने के बाद आरोपितो ने इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि मृतक ने भोलू के दादा-दादी को जेल भिजवाया था और उसे इसी की रंजिश थी इसके अलावा उसे अपनी मां और यशपाल के बीच किसी तरह के संबंध होने की भी आशंका थी, इसकी भी वह रंजिश रखे हुए था। उन्होंने बताया कि तीनों ही आरोपितों के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हैं।
