नर्स हत्याकांड में पुलिस को मिला अहम सुराग, पुर्तगाल से दी गई थी सुपारी, जालंधर में मिली थी लाश
वंदे भारत– जालंधर के गांव तराड़ में नहर किनारे मिले नर्स के शव मामले में पुलिस को पुख्ता सबूत मिले हैं। इससे पता चला है कि नर्स की हत्या पुर्तगाल से सुपारी देकर करवाई गई है। पिछले साल 26 दिसंबर की सुबह गांव तराड़ में नहर के किनारे महिला का शव मिली था।

उसकी पहचान गुरदासपुर की रहने वाली शमा के रूप में हुई, जोकि पेशे से नर्स थी। मृतक की बहन नेहा ने बताया कि शमा क्रिसमस पर खांबरा चर्च गई थीं और उसके बाद उसका शव नहर किनारे मिला।

पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो पाया कि नर्स शमा नकोदर चौक से खांबरा तक ऑटो में बैठकर गईं और वहां से काला संघिया तक पहुंची थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शमा को काफी समय से विदेश से जान से मारने की धमकी मिल रही थीं। सूत्रों का कहना है कि धमकी देने वाला शख्स पुर्तगाल में रहता है और उसने ही सुपारी देकर शमा की हत्या कराई है।

