Political

निगम चुनावों से पहले गरमाई सियासत! विधायक गोगी का कांग्रेसी सांसद बिट्‌टू को करारा जवाब

वंदे भारत- नगर निगम चुनावों की घोषणा से पहले लुधियाना की सियासत गर्माने लगी है। कांग्रेसी सांसद रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा गत दिवस प्रेस कांफ्रेस में उठाए गए सवालों का हलका वैस्ट से ‘आप’ विधायक गुरप्रीत गोगी ने उसी लहजे में जवाब दिया है। गोगी ने आज एक प्रेस कांफ्रेस आयोजित करके सांसद बिट्टू द्वारा लगाए गए आरोपों की बकायदा वीडियो चलाकर उनके एक-एक सवाल का जवाब देकर बिट्टू को सस्ती शोहरत हासिल करने से परहेज करने की सलाह भी दे डाली। विधायक गोगी ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में काम में देरी होने के बारे जनता की ओर से मिल रही शिकायतों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने फोन नंबर वाले बोर्ड लगाए हुए थे क्योंकि पिछली सरकारों के शासन में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंचने के कारण शहर की जनता को बिना रिश्वत के काम करवाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब जिन लोगों की शिकायतें हेल्पलाइन नंबर पर आती हैं तो तुरंत अधिकारियों से बात कर उनके काम करवाए जाते हैं जोकि सांसद को हजम नहीं हो रहा है। अब काम करवाने के लिए लोग सांसद के द्वार पर भी नहीं जाते।

विधायक गोगी ने कहा बिट्टू को अपने घर से निकल कर देखना चाहिए कि अपने चहेतों को पार्किंग का ठेका तो दूर की बात उन्होंने तो डी.सी. ऑफिस की पार्किंग ही जनता के लिए फ्री कर दी है। गोगी ने कहा सांसद बिट्टू खुद को स्मार्ट सिटी मिशन के चेयरमैन कहते हैं लेकिन केंद्र सरकार की ओर से जारी पत्र में बिट्टू केवल स्मार्ट सिटी मिशन के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी का चेयरमैन जिले का डी.सी. होता है। सांसद यह मत भूले की जनता के चुने हुए विधायक भी इसके मेंबर हैं। पत्र में साफ लिखा है कि जनता के चुने हुए विधायक स्मार्ट सिटी के मेंबर होंगे। इसके साथ कुल 18 लोग जिसमें विधायक, सांसद, बिजनेसमैन, दुकानदार भी सदस्य हैं। गोगी ने सांसद बिट्टू से सवाल किया कि अब वह यह बताएं कि उन्होंने बतौर चेयरमैन स्मार्ट सिटी की मीटिंग कैसे ली?

सराभा नगर मार्किट की सुंदरता पर 50 करोड़ खर्चने वाले सांसद को बाकी शहर क्यों नहीं दिखा?

विधायक गोगी ने आरोप लगाया कि बतौर सांसद बिट्टू ने 50 करोड़ रुपए केवल सराभा नगर मार्किट की सुंदरता पर ही खर्च कर डाले लेकिन वह बताएं कि सांसद को बाकी शहर क्यों दिखाई नहीं दिया? उन्होंने कहा कि सांसद को एक घर दिल्ली में अलॉट होता है लेकिन बिट्टू यह बताएं कि रोज़ गार्डन के नजदीक जिस कोठी में वह पिछले 4 वर्षों से रह रहे हैं उसका किराया कौन देगा? गोगी ने कहा कि यह लोग इसलिए सरकारी कोठियां नहीं छोड़ते क्योंकि यहां पर सरकारी नौकर उपलब्ध हैं और बिजली, पानी, हाउस टैक्स फ्री है।

जनता के बीच आकर मेरे साथ डिबेट करें बिट्टू: विधायक गोगी

गोगी ने कहा कि अगर बिट्टू लुधियाना के प्रति इतनी ही सहानुभूति रखते हैं तो वह यह बताएं कि उन्होंने आज तक किसी का फोन क्यों नहीं उठाया? जबकि इस बात की शिकायतें उनके ही कांग्रेसी सरेआम करते हैं। उन्होंने सांसद बिट्टू को चैलेंज करते हुए कहा कि वह जनता के बीच आकर उनसे डिबेट करें। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के वार्ड नंबर 78 के विशाल बत्रा (सोनू बंगाली), परमवीर अठवाल, मीडिया इंचार्ज विधायक नवीन गोगना, सतवीर, मुनीश शाह, राजू कनौजिया, अजीत पाल सिंह, सतनाम सिंह सन्नी मास्टर, पवन अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में नगर निगम के अधिकारी भी उपस्थित थे।