पंजाब पुलिस ने लूट पाट करने वाली गैंग को किया गिरफ्तार
एस.एस.पी. जालंधर देहाती हरविंदर सिंह विरक के दिशा-निर्देशों के तहत एस.पी. सरबजीत राय और डी.एस.पी. फिल्लौर सरवन सिंह बल्ल की अगुवाई में एस.एच.ओ. फिल्लौर भूषण कुमार और एस.आई. गोविंदर सिंह की टीम द्वारा मुख्य मार्ग पर लूटपाट करने वाले गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। जानकारी देते हुए डी.एस.पी. फिल्लौर ने बताया कि मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रंजीत कुमार पुत्र पवन कुमार निवासी फिल्लौर, कुलवीर कुमार पुत्र अजमेर सिंह निवासी रायपुर अराइयां, संदीप कुमार उर्फ बाबू पुत्र छोटे लाल निवासी फिल्लौर, हरजीत सिंह उर्फ सोनू पुत्र तलवरण सिंह निवासी गांव दारापुर, मनदीप सिंह उर्फ मनी पुत्र बहादुर सिंह निवासी रामगढ़ और हरजीत सिंह उर्फ जीतू पुत्र हरबंस सिंह निवासी गांव माओ साहिब को 4 किरपानों, एक दातर, एक लोहे की रॉड, 6 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और 288 नशीली गोलियों समेत गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि यह गिरोह लुधियाना, गोराया और राहों रोड पर वारदातों को अंजाम देता था और राहगीरों व मजदूरों को अंधेरे में हथियारों से डराकर व पीटकर लूट लेता था। आरोपियों के खिलाफ थाना फिल्लौर में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों के पास से मिली 288 नशीली गोलियों के आधार पर केस में जुर्म बढ़ाकर 22-61-85 एन.डी.पी.एस. एक्ट की धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस रिमांड लेकर आगे पूछताछ की जाएगी।

