Vande Bharat 24 Exclusive
लुधियाना पश्चिम सीट पर आम आदमी पार्टी की शानदार जीत के बाद पार्टी के भीतर जहां एक ओर खुशी की लहर है, वहीं कुछ मंत्रियों की चिंता भी बढ़ गई है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री भगवंत मान जल्द ही पंजाब कैबिनेट में फेरबदल करने जा रहे हैं। उपचुनाव में विजयी रहे संजीव अरोड़ा को मंत्री बनाया जा सकता है, जिससे मौजूदा मंत्रियों की कुर्सी खतरे में नजर आ रही है।
संजीव अरोड़ा को कैबिनेट में मिल सकती है एंट्री
लुधियाना उपचुनाव के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जनता से वादा किया था कि संजीव अरोड़ा को जीतने के बाद मंत्री बनाया जाएगा। अब इस वादे को निभाने के लिए कैबिनेट का विस्तार और फेरबदल तय माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि संजीव अरोड़ा को शहरी विकास से जुड़ा कोई अहम विभाग सौंपा जा सकता है।
किन मंत्रियों की जाएगी कुर्सी?
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस बार के फेरबदल में दो से तीन मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है, जिनका प्रदर्शन अपेक्षित स्तर का नहीं रहा। उनके विभाग बदले जा सकते हैं या उन्हें पूरी तरह से मंत्रिमंडल से बाहर किया जा सकता है। इसको लेकर पार्टी के भीतर चर्चा तेज़ हो गई है और कुछ नेता दिल्ली और चंडीगढ़ में सक्रिय हो गए हैं।
महिला मंत्री को भी मिल सकता है मौका
जानकारी के मुताबिक, इस बार महिला भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे। संभावना है कि एक महिला विधायक को भी मंत्री पद की जिम्मेदारी दी जा सकती है। साथ ही, मालवा क्षेत्र से दो विधायकों को मंत्री बनने का मौका मिल सकता है।

सब कुछ हो रहा है गोपनीय तरीके से
कैबिनेट विस्तार और फेरबदल की प्रक्रिया को पूरी तरह से गोपनीय रखा गया है। पार्टी की ओर से कोई भी आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन अंदरखाने तैयारियां ज़ोरों पर हैं। जिन मंत्रियों के विभाग छिने जा सकते हैं, उनकी सूची भी लगभग तैयार बताई जा रही है।
जल्द ही मुख्यमंत्री भगवंत मान इसको लेकर बड़ा ऐलान कर सकते हैं और इस हफ्ते के अंत तक नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जा सकती है।

Author: Harsh Sharma
Journalist