पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक प्रताप सिंह बाजवा की शिकायत पर चंडीगढ़ पुलिस ने आम आदमी पार्टी के दो बड़े नेताओं अमन अरोड़ा और हरपाल सिंह चीमा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इसकी जानकारी खुद प्रताप बाजवा ने दी।
उन्होंने आरोप लगाया कि,
“पिछले तीन वर्षों से यह नकली इंकलाबी टोली झूठ बोलने, फर्जी प्रचार करने और वीडियो में छेड़छाड़ करने में महारथ हासिल कर चुकी है। मैंने इस मामले में चंडीगढ़ पुलिस में शिकायत दी थी, और आज पुलिस ने आप प्रदेश अध्यक्ष एवं मंत्री अमन अरोड़ा और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(4), 356 और 61/2 के तहत केस दर्ज किया है।”

प्रताप बाजवा ने यह भी कहा कि
“मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भी जांच जारी है। हमने दोनों के खिलाफ आवश्यक सबूत इकट्ठे कर लिए हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि जिस तरह अमन अरोड़ा और हरपाल चीमा पर कार्रवाई हुई है, वैसे ही जल्द भगवंत मान और केजरीवाल पर भी कानूनी कार्यवाही होगी।”
हरपाल सिंह चीमा का पलटवार – “FIR का स्वागत, लेकिन सच्चाई सबके सामने है”
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने प्रताप बाजवा द्वारा दर्ज करवाई गई FIR पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा:
“मैं इस FIR का स्वागत करता हूं। पंजाब की जनता देख रही है कि प्रताप बाजवा और कांग्रेस नेतृत्व समय-समय पर किस तरह अपने रुख से पलटी मारते रहे हैं। सभी ने देखा है कि कांग्रेस पार्टी कैसे भाजपा के साथ मिलकर आम आदमी पार्टी के नेताओं को झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश कर रही है।”

Author: Harsh Sharma
Journalist