Vande Bharat 24 Exclusive
पंजाब के फगवाड़ा के हरदासपुर गांव में मंगलवार को उस समय दहशत फैल गई जब एक पुराने विवाद को लेकर निहंग सिंहों के एक बड़े जत्थे और गांव के ही एक पक्ष के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। झड़प के दौरान फायरिंग और तेजधार हथियारों से हमला किए जाने की खबर है।
इस घटना में एक व्यक्ति जसप्रीत सिंह, निवासी हरदासपुर, को पेट में गोली लगने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा, निहंग सिंहों के जत्थे से संबंधित मलकीअत सिंह, रणजीत सिंह और धरम सिंह नामक तीन लोग तेजधार हथियारों से घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल फगवाड़ा में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल परिसर बना पुलिस छावनी
घटना के बाद सिविल अस्पताल का पूरा परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
फगवाड़ा के डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि फिलहाल पुलिस के पास केवल जसप्रीत सिंह के घायल होने की ही आधिकारिक जानकारी है। उसे झगड़े के दौरान गोली लगी है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या तेजधार हथियारों से हमले में तीन निहंग सिंह भी घायल हुए हैं, तो डीएसपी ने बताया कि अभी तक उन्हें इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी या MLR (मेडिको-लीगल रिपोर्ट) नहीं मिली है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Author: Harsh Sharma
Journalist