Politics

वार्डबंदी का अजीबो गरीब खेल, सभी वार्ड हुए उलट पुलट

-आप के सांसद रिंकू ने नहीं लिया वार्डबंदी को गंभीरता से

रिंकू के समर्थन में गए कई नेताओं के चेहरे लटके

-विधायक अंगुराल व रमन अरोड़ा की बनाई वार्डबंदी ही हुई फाइनल

वंदे भारत 24 जालंधर। राजनीति का खेल भी बेहद अजीबो गरीब है। कभी किसी की चित तो कभी किसी की पट, यह खेल चलता रहता है। कुछ दिन पहले सांसद बनकर सुशील रिंकू आप की राजनीति में दोनों विधायकों शीतल अंगुराल व रमन अरोड़ा पर हावी नजर आ रहे थे। मगर अचानक बाजी पलट गई। वीरवार को चंडीगढ़ में वार्डबंदी की फाइनल मीटिंग थी, जो मुकम्मल हो गई। हैरानी की बात तो यह है कि किसी भी आप नेता ने आज की मीटिंग को गंभीरता से नहीं लिया। सांसद सुशील रिंकू भी मीटिंग में नहीं पहुंचे और कोई आप विधायक भी मीटिंग में नहीं गया। जबकि कांग्रेस के सभी विधायक मीटिंग में मौजूद रहे। बताया जाता है कि विधायक अंगुराल व अरोड़ा की ओर से फाइनल की गई वार्डबंदी पर ही मुहर लग गई है और कई वार्ड उलट पुलट कर दिए गए हैं। जनरल वार्ड को रिजर्व और रिजर्व वार्ड को जनरल कर दिया गया है। बाजी एक बार फिर दोनों विधायकों के हाथ में आ गई है। रिंकू के साथ उपचुनाव के दौरान गए कई नेताओं के चेहरे लटक गए हैं, क्योंकि अब शायद वह पार्षद का चुनाव न लड़ पाएं।