Politics

वार्ड बंदी के ड्राफ्ट में गुपचुप तरीके से हो गया बदलाव, नोटिफिकेशन जल्द

(वंदे भारत ) :- जालंधर नगर निगम के चुनाव आने वाले दो-तीन महीनों के भीतर हो जाने की आशा उस समय और बढ़ हो गई जब सूत्रों ने यह जानकारी दी कि आम आदमी पार्टी के नेताओं ने वार्डबंदी के ड्राफ्ट में मामूली फेरबदल कर लिया है जिसके बाद अब फाइनल नोटिफिकेशन की ही तैयारी है।

 

पता चला है कि वार्ड बंदी का नया ड्राफ्ट लोकल बॉडीज मंत्री बलकार सिंह के पास पहुंच चुका है और संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर होते ही इस ड्राफ्ट को नोटिफाई कर दिया जाएगा। पता चला है कि वार्डबंदी में यह बदलाव अत्यंत गुपचुप तरीके से किया गया है और मात्र आधा दर्जन वार्डों से ही छेड़छाड़ की गई है।

 

सूत्रों की माने तो पूर्व पार्षद राधिका पाठक वाला वार्ड जिसे आम आदमी पार्टी के विधायकों ने एस.सी. रिजर्व कर दिया था अब जनरल कैटेगरी वाला हो गया है और साथ लगता है एक वार्ड रिज़र्व कर दिया गया है। अभी यह ज्ञात नहीं हो पाया है कि पूर्व पार्षद शैरी चड्ढा वाले वार्ड को रिजर्व किया गया है या रास्ता मोहल्ला, अटारी बाजार और भगत सिंह चौक वाले को।

 

इसी तरह कैंट विधानसभा के क्षेत्र में आते एक वार्ड में कुछ क्षेत्र शामिल किया गया है जिसे पहले हल्का इंचार्ज ने बाहर निकलवा दिया था। शहीद बाबू लाभ सिंह नगर वाला वार्ड जिसे कुछ समय पहले रिजर्व कैटेगरी का कर दिया गया था, उसे भी जनरल किए जाने की सूचना है।

आम आदमी पार्टी के नेताओं ने वार्डबंदी के ड्राफ्ट में जो मामूली फेरबदल किया है उसके लिए चंडीगढ़ से एक ड्राफ्ट्समैन विशेष रूप से मंगवाया गया था जिसने एक-दो दिन जालंधर रहकर इस काम को अंजाम दिया।

 

गौरतलब है कि इससे पहले वार्डबंदी का ड्राफ्ट चंडीगढ़ के ही एक एक्सपर्ट अधिकारी ने तैयार किया था जिसकी कास्ट ‘के’ अक्षर से शुरू होती है। उसी अधिकारी ने कांग्रेसी सरकार के समय हुई वार्डबंदी को भी फाइनल टच दिया था परंतु उस पर नेताओं से सैटिंग के आरोप लगते रहे जिस कारण उसे अब वार्डबंदी के काम से बाहर कर दिया गया है।