एसजीपीसी ने शुरू किया सचखंड श्री दरबार साहिब यू-ट्यूब चैनल
सोमवार से देश-विदेश में होगा गुरबाणी का हर समय प्रसारण
(वंदे भारत) पिछले कई माह की उठापटक के बाद शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने रविवार को अखंड पाठ साहिब के भाेग के बाद अपना यू-टयूब चैनल लांच कर दिया।
इस चैनल के माध्यम से ही अब देश-विदेश में गुरबाणी का प्रसारण होगा। एसजीपीसी ने यह भी साफ किया है कि पहले से जिस चैनल के माध्यम से गुरबाणी का प्रसारण किया जा रहा है, वह भी बंद नहीं होगा।

दरबार साहिब से प्रसारित होने वाली गुरबाणी को लेकर कई माह से पंजाब में विवाद छिड़ा हुआ है। लंबे समय से गुरबाणी का प्रसारण केवल एक टीवी चैनल के माध्यम से किया जा रहा है। यह चैनल अकाली नेता सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व वाली कंपनी का है। पंजाब सरकार ने गुरबाणी प्रसारण के अधिकारी सभी चैनलों को मुफ्त देने की वकालत की है। इसके लिए पंजाब विधानसभा में गुरुद्वारा एक्ट में बकायदा संशोधन भी किया गया है। यह विधेयक अभी राज्यपाल के पास के विचाराधीन है।
इस बीच रविवार को एसजीपीसी ने अपना यू-टयूब चैनल लांच कर दिया। यू-ट्यूब चैनल शुरू करते हुए एडवोकेट धामी ने बताया कि इस चैनल का नाम सचखंड श्री दरबार साहिब रखा गया है। इस चैनल के शुरू होने के बाद अब संगत विश्व में कहीं भी गुरबाणी को सुन सकती है और श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शन कर सकती है। उन्होंने निजी चैनल को अगले आदेशों तक गुरबाणी का प्रसारण करने के मामले में भी अपना रुख साफ किया है।
एडवोकेट धामी ने कहा कि सोशल मीडिया पर गलत जानकारियां फैलाई जा रही हैं। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह ने कभी भी निजी चैनल को प्रसारण करने के लिए नहीं कहा। उन्होंने एक चैनल खोला है, ताकि लोगों तक गुरबाणी निर्विघ्न चलती रही।
उन्होंने इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी तंज कसा कि उन्हें सिर्फ एसजीपीसी दिखती है। सरकार के कुछ चैनल हैं, जो सुबह उठते ही एसजीपीसी पर निशाना साधने लगते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को भी धार्मिक मामलों में हस्ताक्षेप ना करने की नसीहत दी।
