Punjab

SGPC 23 जून से पहले शुरू करेगा यूट्यूब चैनल, गुरबाणी के लाइव टेलीकास्ट के लिए मंगवाए जाएंगे टेंडर

वंदे भारत- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने अपना यूटयूब चैनल खोलने की तैयारियां मुक्कमल कर ली हैं। यूटयूब चैनल की शुरुआत 23 जुलाई से पहले हो जाएगी। यह फैसला एसजीपीसी प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी की अध्यक्षता में गुरबाणी के सीधे प्रसारण के लिए अपना चैनल खोलने संबंधी गठित सब-कमेटी के सदस्य स्वर्ण सिंह कुलार के फगवाड़ा स्थित निवास पर हुई अहम बैठक में लिया गया।बैठक में धामी के अलावा महासचिव एवं सब-कमेटी सदस्य गुरचरण सिंह ग्रेवाल, सदस्य रजिंदर सिंह मेहता, रघुजीत सिंह विर्क व स्वर्ण सिंह कुलार मौजूद थे। बैठक में श्री हरिमंदिर साहिब से गुरबाणी के सीधे प्रसारण के लिए अन्य चैनलों से टेंडर मंगवाने का भी फैसला ले लिया गया है।

‘सेटअप तैयार किया जा रहा है’

महासचिव गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने बताया कि एसजीपीसी की तरफ से तेजा सिंह समुद्री हाल में ही एक कमरे में यूटयूब के माध्यम से गुरबाणी प्रसारण व अन्य धार्मिक गतिविधियों को प्रसारित करने संबंधी सेटअप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मीटिंग में यूटयूब को शुरू करने को लेकर कानूनी अड़चनों की भी समीक्षा की गई। उन्होने साफ किया कि यह कोई गुप्त मीटिंग नहीं थी बल्कि सब कमेटी की रुटीन बैठक थी। यूटयूब चैनल शुरू होने तक बैठकों का सिलसिला जारी रहेगा। आगामी बैठक 8 जुलाई को एसजीपीसी मुख्यालय अमृतसर में होने की संभावना है।

’23 जून को खत्म हो रहा है पीटीसी और SGPC का करार’

उन्होंने बताया कि 23 को ही पीटीसी चैनल तथा शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के बीच गुरबाणी के सीधे प्रसारण के लिए साल 2011 में हुआ करार खत्म हो रहा है। उन्होंने खुलासा किया कि ओपन टेंडर के माध्यम से टीवी चैनलों को गुरबाणी के सीधे प्रसारण के अधिकार देने के लिए नई नीति की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई है। ग्रेवाल ने कहा कि इसे लेकर समस्त पहलूओं व पॉलिसी पर गहन विचार-विमर्श किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि 20 जून को विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान की तरफ से पारित किए गए सिख गुरुद्वारा संशोधन बिल के बाद से ही पंजाब का धार्मिक व राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। बेशक 26 जून के विशेष एसजीपीसी इजलास में मान के पारित प्रस्ताव को रद्द कर दिया गया था, लेकिन अभी भी एसजीपीसी पर संकट के बादल छाए हुए हैं।अगर सीएम मान द्वारा पारित बिल भविष्य में कानून बन जाता है तो गुरबाणी के सीधे प्रसारण को लेकर शिरोमणि अकाली दल के एकाधिकार व मालिकी वाले पीटीसी चैनल से उन्हें हाथ धोना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में अन्य टीवी चैनल भी श्री हरिमंदिर साहिब से होने वाले गुरबाणी का सीधा प्रसारण कर सकेंगे। एसजीपीसी व शिअद बादल हाईकमान दिन-रात बैठकों का संचालन कर पीटीसी चैनल हाथ से ना जाने देने के लिए कोई बीच का रास्ता (मध्य ) खोजने में जुटा हुआ है।