Crime

पंजाब राजभवन के कर्मचारी ने की आत्महत्या, सुसाइड से पहले बनाया वीडियो बोला केयरटेकर इंदरप्रीत जिम्मेदार

(वंदे भारत ):- पंजाब राजभवन में तैनात एक कर्मचारी ने शनिवार दोपहर वीडियो बनाने के बाद सेक्टर-7 बी स्थित आवास में चुन्नी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। वीडियो में पंजाब राजभवन में तैनात केयरटेकर इंदरप्रीत सिंह और कंट्रोलर (सीओ बोल रहा) कोहली को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है।

वीडियो पत्नी, कुछ दोस्त और सहकर्मियों को भेजने के बाद कमरे में फंदा लगा लिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने कर्मी लालचंद को नीचे उतार जीएमएसएच-16 में पहुंचाया। जहां ड्यूटी डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

सेक्टर-7 बी स्थित मकान में पत्नी के साथ लालचंद रहता था। दोपहर करीब 10.30 बजे पत्नी के बाहर जाने पर उसने वीडियो बनाने के बाद आत्महत्या कर ली। दोपहर पत्नी ने वापस आकर देखा कि लालचंद फंदे पर लटका हुआ था। इसकी सूचना तुरंत पड़ोसी, घरवालों और पुलिस कंट्रोल रूम में दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे नीचे उतार कर अस्पताल पहुंचाया है। पत्नी की शिकायत पर पुलिस वीडियो के जरिए आरोपित दोनों कर्मचारियों की भूमिका पर जांच कर रही है।

 

वीडियो में क्या बोला लालचंद

 

19 साल से राजभवन में तैनात लालचंद ने सुसाइड से पहले जारी वीडियो में कहा कि राजभवन में तैनात केयरटेकर इंदरप्रीत सिंह और उसके सहयोगी सीओ कोहली उसकी मौत का जिम्मेदार है। कर्मचारी ने न्याय की मांग कर इंदरप्रीत सहित कंट्रोलर के पद पर तैनात किसी कोहली का भी नाम लिया है।

 

उसने कहा कि उसके पैर में चोट लगने की वजह से लोहे की राड पड़ने के बावजूद उसे भारी काम करने का दबाव बनाते थे। इनकार करने पर साल 2018 से 2023 तक गलत तरीके से उस पर 3.5 लाख रुपये की रिकवरी डाल दी। इसका हर महीने 10 हजार रुपये किश्त कटती है।

 

लालचंद ने पुलिस अधिकारियों से अपील कि राजभवन के अन्य कर्मचारियों के बयान दर्ज करने पर इंदरप्रीत सिंह की हरकत सामने आ जाएगी। कई बार उसकी पत्नी और बच्चे उच्च अधिकारियों से मिलने गए तो उन्हें चार बजे तक बैठाकर वापस भेज दिया गया। उसने कहा कि इन लोगों ने विभाग में बहुत घपला और धोखाधड़ी की है।