पंजाब से हिमाचल में सीमेंट मिक्स्चर में अवैध शराब की सप्लाई, 1.20 लाख बोतलें पकड़ीं, दिल्ली पुलिस का पूर्व ASI गिरफ्तार
वंदे भारत– हिमाचल प्रदेश पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है. पुलिस ने अवैध शराब का एक बड़ा जखीरा पकड़ा है. पुलिस ने आरोपी मिक्स्चर चालक को भी गिरफ्तार किया है. आरोपी दिल्ली पुलिस ने भी तैनाता रहा था. हालांकि, अब उसे नौकरी से निकाल दिया गया है.

जानकारी के अनुसार, कांगड़ा जिले की नूरपुर पुलिस ने अवैध शराब का बड़ा जखीरा बरामद किया है. कांगड़ा पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई की रात को डमटाल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि लीकर माफिया की तरफ से बड़ी मात्रा में अवैध शराब की सप्लाई की जाएगी. इसी सूचना पर पुलिस ने भदरोया टोल टैक्स बेरियर के पास रात को नाका लगाया. इस दौरान एक सीमेंट मिक्स्चर वहां से गुजर रहा था तो पुलिस ने उसे रोक लिया. जांच के दौरान इस मिक्स्चर से 1005 पेटियां शराब की बरामद हुई है.

यानी अलग अलग ब्रैंड की करीब 1 लाख 20 हजार बोतलें इस मिक्स्चर में सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी. पुलिस ने आरोपी चालक से 65 हजार रुप नकद बरामद किए हैं. पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर शराब को जब्त कर लिया है. इस शराब को पंजाब से सप्लाई किया जा रहा था और यह ट्रक पठानकोट से कांगड़ा की तरफ जा रहा था.

पुलिस की पड़ताल में आरोपी की पहचान, कांगड़ा के 48 साल के स्वरूप सिंह गांव लाहरू ज्वाली के रूप में हुई है. आरोपी इससे पहले दिल्ली पुलिस में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर था, लेकिन साल 2019 में उसे भ्रष्टाचार के मामले में दोषी करार देने के बाद नौकरी से निकाल दिया गया था.
