पंजाब-हरियाणा शंभू बॉर्डर पर किसानों पर दागे आंसू गैस के गोले, ड्रोन से खुफिया जानकारी जुटा रही पुलिस
पंजाब-हरियाणा शंभू बॉर्डर पर किसानों पर दागे आंसू गैस के गोले
ड्रोन से खुफिया जानकारी जुटा रही पुलिस
वंदे भारत- ( महिमा ठाकुर )दिल्ली जाने पर अड़े किसानों ने बुधवार को भी अपना मार्च जारी रखने का ऐलान किया है। मंगलवार को पुलिस और किसानों के बीच गतिरोध जारी रहा। किसान दिल्ली जाने को अड़े रहे। वहीं, सुरक्षाबलों ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर 10 हजार से ज्यादा किसान जुट गए हैं। किसान रात भर बॉर्डर पर ही रहे। आज फिर से किसान दिल्ली जाने की कोशिश करेंगे।

किसानों ने की तोड़फोड़
किसानों ने मंगलवार को ‘दिल्ली चलो’ मार्च शुरू किया। इससे पहले चंड़ीगढ़ में केंद्र सरकार के साथ वार्ता में किसान संगठनों की मांगों को लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई। आंदोलनकारी किसानों के जत्थे हरियाणा और पंजाब से दिल्ली की ओर निकल पड़े हैं। जिन्हें राज्यों की सीमाओं पर ही रोका गया। शंभू बॉर्डर प किसानों ने पुल पर लगी रेलिंग और बेरिकेड्स तोड़ दिए।
दिल्ली के सभी बॉर्डर सील
सुरक्षाबलों के साथ उनकी झड़प भी हुई। इसके बाद पुलिस ने ड्रोन के जरिए किसानों पर आंसू गैस के गोले दागे। कई लोगों को हिरासत में ले लिया। जींद बॉर्डर पर भी कुछ ऐसे ही हालात नजर आए। उधर, दिल्ली के सभी बॉर्डर सील कर दिए गए और यहां भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की कंपनियां तैनात हैं।

Live Updates:
.पंजाब किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव श्रवण सिंह पंढेर ने कहा कि मीडिया खबरें आ रही हैं कि एमएसपी की गारंटी वाला कानून जल्दबाजी में नहीं बनाया जा सकता। हम तो सिर्फ इतना कह रहे हैं कि हमें एमएसपी पर कानूनी गारंटी दे दी जाए, ताकि हम उस एमएसपी से नीचे फसल न बेचें। इसलिए, समिति गठित करने का कोई सवाल ही नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी को आगे आना चाहिए और किसानों से बातचीत करना चाहिए।
.शिरोमणि अकाली दल (SAD) प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने बुधवार सुबह किसानों का समर्थन किया।केंद्र सरकार से किसानों की मांगों को पूरा करने की अपील की। बादल ने आम आदमी पार्टी (आप) के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से गेहूं और धान सहित 17 फसलों पर एमएसपी देने का अनुरोध किया। सुखबीर सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी को अपना यह वादा पूरा करना चाहिए।
.हरियाणा पंजाब बॉर्डर पर पुलिस रात भर डटी रही। वहीं किसानों को रोकने के लिए सड़कों पर रखे कंक्रीट स्लैब्स की सिमेंटिंग की गई।
.टिकरी बॉर्डर पर भी पुलिस ने सिमेंट ब्लाॅक रखकर रास्ता जाम कर दिया। ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
.गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस अल सुबह तक मुस्तैद नजर आई। रात भर पुलिस ने नजर रखा कि किसान बैरिकेड तोड़कर आगे नहीं बढें।

पंजाब किसान मजदूर संघर्ष समिति के महा सचिव श्रवण सिंह पंढेर ने कहा कि कांग्रेस हमारा समर्थन नहीं करती है। हम किसानों की बदहाली के लिए कांग्रेस को भी उतना ही जिम्मेदार मानते हैं जितना कि बीजेपी। किसानों के खिलाफ यह कानून कांग्रेस के शासन काल में लाया गया था।
- किसान बड़ी संख्या में पंजाब और हरियाणा बॉर्डर पर डटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार को फिर से दिल्ली पहुंचने के लिए प्रयास करेंगे।
- पंजाब किसान मजदूर संघर्ष समिति के महासचिव सरवन सिंह पंढेर ने कहा- “करीब 10 हजार लोग शंभू बॉर्डर पर पहुंच गए। किसान यहां शांतिपूर्ण स्थिति बनाए हुए हैं। कुछ भी नहीं हो रहा फिर भी ड्रोन के जरिए हमारे ऊपर आंसू गैस फेंकी जा रही है। जब तक सरकार हमारी मांगों को नहीं मानती विरोध जारी रहेगा।’
- सरकारी सूत्रों के मुताबिक, किसानों के चल रहे विरोध प्रदर्शन के कारण पंजाब में 50 फीसदी कम डीजल और 20 फीसदी कम गैस भेजी जा सकी है।
किसान केंद्र से बात करना चाहते हैं-विज

- हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा- ”किसान केंद्र सरकार के साथ बात करना चाहते हैं, केंद्रीय अधिकारी यहां वर्ता के लिए आए भी, दो बार बातचीत हो चुकी है और आगे भी इससे इनकार नहीं कर रहे हैं। इसके बाद भी किसान दिल्ली जाने के लिए अड़े हैं। आखिर वे दिल्ली क्यों जाना चाहते हैं? लगता है कि इससे पीछे उनकी कोई मंशा है। हम शांति भंग नहीं होने देंगे। किसानों अपना फैसला वापस ले लेना चाहिए।”
