Political

राज्यपाल ने CM मान को लिखा जवाबी पत्र- कहा- गैरकानूनी था पंजाब विधानसभा का दो दिवसीय सत्र

वंदे भारत– पंजाब सरकार और राज्यपाल के बीच तनातनी फिर बढ़ती दिख रही है। पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को जोर का झटका दिया है। उन्होंने 19-20 जून को बुलाया गया पंजाब विधानसभा के सत्र को गैरकानूनी ठहरा दिया है।अब सत्र के दौरान विधानसभा में पारित चार बहुचर्चित विधेयकों की वैधता पर भी सवाल उठ गए हैं।

 

राज्यपाल पुरोहित ने सोमवार को मुख्यमंत्री मान को भेजे पत्र में साफ कर दिया है कि वह चार विधेयकों पर फैसला लेने से पहले दो दिवसीय विधानसभा सत्र की वैधता के बारे में विश्वस्त होंगे और विधि सम्मत कार्रवाई करेंगे।

 

गौरतलब है कि पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने 15 जुलाई को राज्यपाल को पत्र लिखा था। इसमें उन्होंने सिख गुरुद्वारा संशोधन एक्ट 2023 को मंजूरी देने में हो रही देरी पर सवाल उठाया था। सोमवार को राज्यपाल ने मुख्यमंत्री के इसी पत्र का हवाला दिया और जवाब लिखा कि आपके दावे से ऐसा प्रतीत होता है कि आप ‘एक विशेष राजनीतिक परिवार’ के कुछ कार्यों से चिंतित हैं, जिसने आपको संदर्भित (गुरुद्वारा एक्ट) विधेयक पारित करने के लिए प्रेरित किया है। आपने यह भी बताया है कि विधेयक पर तुरंत हस्ताक्षर करने में मेरी ओर से किसी भी देरी के संभावित परिणाम क्या हो सकते हैं। आपने मेरे द्वारा लिए गए समय को पंजाब के लोगों की लोकतांत्रिक इच्छा का गला घोंटने के समान बताया है, जो आपकी निजी धारणा प्रतीत होती है। उस पर मैं आपसे कुछ भी कहना नहीं चाहता लेकिन मैं यह बताना चाहता हूं कि राज्यपाल के रूप में मुझे भारत के संविधान द्वारा यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है कि विधेयकों को कानून के अनुसार पारित किया जाए।

 

राज्यपाल ने आगे लिखा कि अपने कर्तव्यों का कर्तव्यनिष्ठा से निर्वहन करने के लिए, मैंने कानूनी सलाह प्राप्त की है। इससे मुझे विश्वास हो गया है कि आपके द्वारा 19 और 20 जून को विधानसभा सत्र बुलाना, जिसमें ये चार विधेयक पारित किए गए थे, कानून और प्रक्रिया का उल्लंघन था। इससे उन विधेयकों की वैधता और वैधानिकता पर संदेह पैदा हो गया है। राज्यपाल ने पत्र में स्पष्ट किया कि प्राप्त कानूनी सलाह की पृष्ठभूमि में, मैं सक्रिय रूप से इस बात पर विचार कर रहा हूं कि क्या भारत के अटॉर्नी जनरल से कानूनी राय प्राप्त की जाए, या संविधान के अनुसार इन विधेयकों को भारत के राष्ट्रपति के विचार और सहमति के लिए आरक्षित कर दिया जाए।राज्यपाल ने पत्र में स्पष्ट किया कि प्राप्त कानूनी सलाह की पृष्ठभूमि में, मैं सक्रिय रूप से इस बात पर विचार कर रहा हूं कि क्या भारत के अटॉर्नी जनरल से कानूनी राय प्राप्त की जाए, या संविधान के अनुसार इन विधेयकों को भारत के राष्ट्रपति के विचार और सहमति के लिए आरक्षित कर दिया जाए।

राज्यपाल ने मान से कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में आप इस बात की सराहना करेंगे कि पंजाब के लोग यह सुनिश्चित करने के लिए समान रूप से चिंतित हैं कि जो कानून अंततः उन्हें प्रभावित करते हैं, उन्हें उचित प्रक्रिया का पालन करने के बाद पारित किया जाए। इसलिए आप निश्चिंत रहें कि 19 और 20 जून को आयोजित विधानसभा सत्र की वैधानिकता का प्रथम परीक्षण कराकर मैं विधि सम्मत कार्रवाई करूंगा।