होने वाला है 50 साल का सबसे लंबा पूर्ण सूर्य ग्रहण, दिन में छा जाएगा अंधेरा, क्या होगा भारत पर असर?

वंदे भारत(हर्ष शर्मा) साल 2024 का पहला पूर्ण सूर्य ग्रहण अप्रैल में होने जा रहा है। वैज्ञानिक इसे एक बड़ी खगोलीय घटना मान रहे हैं क्योंकि पूर्ण सूर्य ग्रहण का नजारा कईं सालों में एक बार दिखाई देता है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, साल में 1 या 2 बार सूर्य ग्रहण की स्थिति बनती है लेकिन पूर्ण सूर्य ग्रहण कईं सालों में एक बार होता है। इस बार पूर्ण सूर्य ग्रहण का नजारा अप्रैल 2024 में दिखाई देगा। खास बात ये है कि साल 2024 का पहला सूर्य ग्रहण भी होगा। इसे लेकर जहां वैज्ञानिक उत्साहित हैं, वहीं आमजन भी इसके बारे में जानना चाहते हैं। जानें पूर्ण सूर्य ग्रहण 2024 से जुड़ी रोचक बातें…
साल 2024 का पहला पूर्ण सूर्य ग्रहण 8 अप्रैल, सोमवार को होगा। भारतीय समय के अनुसार, ये सूर्य ग्रहण रात 10 बजकर 08 मिनिट से शुरू होगा, जो देर रात 01 बजकर 25 मिनिट पर समाप्त होगा। यानी इसकी कुल अवधि लगभग 3 घंटे 17 मिनिट की रहेगी। वैज्ञानिकों की मानें तो पिछले 50 साल में इतना लंबा पूर्ण सूर्य ग्रहण नहीं हुआ है।
अलग-अलग देशों में सूर्य ग्रहण के दिखने के समय में अंतर रहेगा। किसी देश में ये ग्रहण 1 घंटे ही दिखाई देगा तो कहीं 2 घंटे तक। कुछ देशों में ये ग्रहण कुछ मिनिट्स के लिए ही दिखाई देगा। मुख्य रूप से ये पूर्ण सूर्य ग्रहण कनाडा, अमेरिका, मैक्सिको, जमाइका, नॉर्वे, पनामा आदि देशों में दिखाई देगा।
वैज्ञानिकों के अनुसार, जिस समय ये सूर्य ग्रहण होगा, उस समय भारत में रात हो चुकी होगी, जिसके चलते ये नजारा भारत में कहीं भी दिखाई नहीं देगा। भारत में ग्रहण दिखाई न देने के कारण यहां इसका कोई भी महत्व जैसे सूतक आदि भी मान्य नहीं होगा। अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा के यूट्यूब चैनल पर इसे लाइव देख सकते हैं।
वैज्ञानिकों के अनुसार, साल में 1-2 बार आंशिक सूर्य ग्रहण होता है। ये आम खगोलीय घटना है, लेकिन पूर्ण सूर्य ग्रहण कईं सालों में एक बार होता है। पूर्ण सूर्य ग्रहण तब होता है जब चंद्रमा पृथ्वी के बहुत नजदीक होता है। ऐसा होने से चंद्रमा का आकार बड़ा दिखाई देता है, जो सूरज को पूरी तरह से ढंक लेता है। इसे ही पूर्ण सूर्य ग्रहण कहते हैं। इसके पहले पूर्ण सूर्य ग्रहण 2017 में हुआ था। वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बार का सूर्य ग्रहण 50 साल का सबसे लंबा सूर्य ग्रहण होगा।

