breakingPunjab

कोर्ट कॉम्प्लेक्स में मचा हड़कंप: पेशी पर आए युवक की गोलियों से हत्या

अबोहर के कोर्ट कॉम्प्लेक्स में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेशी पर आए एक युवक पर कार सवार हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फाजिल्का ज़िले के अबोहर में हुई इस वारदात ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, आकाश उर्फ गोलू पंडित नामक युवक आर्म्स एक्ट के एक मामले में पेशी के लिए कोर्ट आया था। उसी दौरान मारुति कार में सवार तीन हमलावर कोर्ट कॉम्प्लेक्स में दाखिल हुए और आते ही गोलियां चला दीं। कुल छह राउंड फायरिंग में गोलू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एसएसपी गुरमीत सिंह ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस टीमों को अलर्ट कर दिया गया है और आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उन्होंने कहा कि यह मामला दो गैंगों के बीच चल रही पुरानी रंजिश का नतीजा है। दोनों पक्षों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसएसपी ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों के अनुसार, फायरिंग के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बार रूम में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं, जिनकी फुटेज से आरोपियों की गतिविधियों की पुष्टि होगी। घटना स्थल से पुलिस को गोलियों के खोल भी मिले हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हमलावरों ने पहले से आकाश की रेकी की हुई थी और उसके कोर्ट में पहुंचते ही हमला किया गया।

कोर्ट कॉम्प्लेक्स में सात कोर्ट चलने के बावजूद सरेआम हुई इस वारदात ने आम लोगों में सुरक्षा को लेकर भय का माहौल पैदा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *