news

बिना रजिस्ट्रेशन ई-रिक्शा दौड़ाने वालों की खैर नहीं, ट्रैफिक पुलिस बिना रजिस्ट्रेशन वालों पर कसेगी शिकंजा

बिना रजिस्ट्रेशन ई-रिक्शा दौड़ाने वालों की खैर नहीं
ट्रैफिक पुलिस बिना रजिस्ट्रेशन वालों पर कसेगी शिकंजा

वंदे भारत- ( महिमा ठाकुर )शहर में इन दिनों ई-रिक्शा का बोलबाला है। यातायात नियमों की जानकारी न होने के कारण जहां इनके चलते य़ह में ट्रैफिक की समस्या बनी हुई है, वहीं कई बार से हादसों का भी कारण बन जाते हैं। भले ही अपनी रोजी-रोटी कमाने के लिए कई लोगों ने ई-रिक्शा डाल लिए हैं, लेकिन शहर में चलने वाले करीब 30 फीसदी ई-रिक्शा बिना रजिस्ट्रेशन के ही सड़कों पर दौड़ रहे हैं।

यही नहीं कई चालकों के पास तो लाइसेंस तक नहीं हैं। अब ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे ई-रिक्शा वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का अभियान चलाने की योजना बनाई है। इसके तहत शहर में बिना रजिस्ट्रेशन के चलने वाले ई-रिक्शा इंपाउंड किए जाएंगे। इसके अलावा नियम न मानने वाले ई-रिक्शा चालकों के चालान भी काटे जाएंगे।

जाम की समस्या हुई पैदा

बिना पंजीकरण के अवैध रूप से सड़कों पर दौड़ रहे इन ई रिक्शा के कारण जहां एक ओर सरकार को राजस्व की हानि हो रही है। वहीं दूसरी तरफ हादसों का भी डर बना रहता है। इन दिनों ई-रिक्शा परेशानी का सबब बने हुए हैं। सड़कों पर ही नहीं चौराहों पर भी काफी संख्या में ई रिक्शा खड़े दिखाई दे जाते हैं, जिसमें अधिकांश तो ऐसे हैं जो कि काफी जर्जर हालत में होते हैं।

इस स्थिति में इनके कारण हर समय हादसों का डर बना रहता है। इस समय शहर ही नहीं ग्रामीण क्षेत्र में भी यातायात के सबसे सस्ते साधन के रूप में ई रिक्शा का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे इनकी संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। बैटरी पर चलने वाले यह रिक्शा एक बार में चार्ज होने पर करीब 70 किलोमीटर का सफर तय कर सकते हैं।

नाबालिग भी चला रहे ई रिक्शा

इतना ही नहीं नाबालिग बच्चे भी सड़कों पर ई रिक्शा चलाते हुए दिख जाएंगे। ऐसे में हर समय किसी हादसे का भय सताता रहता है। हालांकि पुलिस की ओर से कई बार ई-रिक्शा चालकों को चेतावनी भी दी गई है और उन्हें विभाग से रिक्शा का पंजीकरण कराने को कहा गया है, लेकिन फिर भी कुछ चालक मानने को तैयार नहीं है। इसी के चलते अब इनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की गई है।

स्पेशल नाकाबंदी कर होगी चेकिंग

ट्रैफिक इंचार्ज अजय कुमार ने बताया कि काफी समय से शिकायतें आ रही थीं कि कुछ ई-रिक्शा वाले बिना रजिस्ट्रेशन व लाइसेंस के काम कर रहे हैं। पुलिस की ओर से स्पेशल नाकाबंदी कर ई-रिक्शा की चेकिंग का काम शुरू किया गया है। अगर किसी ई रिक्शा चालक ने अपनी रजिस्ट्रेशन नहीं करवाई है तो वे जल्द से जल्द अपनी रजिस्ट्रेशन करवा लें नहीं तो रिक्शा इंपाउंड किया जाएगा। बिना लाइसेंस वाले चालकों के चालान काटे जाएंगे।