Crime

घायल को झाड़ियों में फेंक भाग गए थे साला-बहनोई, बाद में कुत्तों ने नोच खाया; आरोपित गिरफ्तार

वंदे भारत-  डबवाली के वार्ड नंबर चार निवासी 42 वर्षीय नवनीत उर्फ नीटा की संदिग्ध मौत की गुत्थी बठिंडा जिले की पुलिस ने सुलझा ली है। पथराला पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई निर्मलजीत सिंह ने बताया कि सड़क हादसे के बाद घायल नवनीत को मालवा बाइपास रोड पर झाड़ियों में फेंका गया था।

वहां उसे कुत्ते खा गए।
उन्होंने बताया कि इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों की पहचान जिला श्री मुक्तसर साहिब के गांव ख्योवाली निवासी वकील राम तथा गांव मैहणा निवासी गुरनाम राम के रूप में हुई है। गुरनाम वकील का साला है। दोनों तूड़ी का काम करते हैं। उस दिन गुरनाम ट्रैक्टर-ट्रॉली चला रहा था। नवनीत बाइक पर उसके पीछे चल रहा था।

18-19 जुलाई की मध्य रात्रि हुआ था हादसा
चौकी प्रभारी के मुताबिक, 18-19 जुलाई की मध्य रात्रि हादसा हुआ था। मृतक नवनीत संगत कलां स्थित गोयल सर्विस स्टेशन पर बतौर मैनेजर तैनात था। वह देर रात बाइक पर वापस घर लौट रहा था। ट्रैक्टर से उसके बाइक में टक्कर मारी गई। बाद में आरोपित उसे उठाकर ले गए।
प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वे डर गए थे। इसलिए जाते समय उसे फेंक गए थे। पुलिस के अनुसार हादसे में इस्तेमाल किए गए ट्रैक्टर तथा बाइक बरामद कर लिए गए हैं। मामले की गहनता से जांच चल रही है। आरोपितों को बुधवार को अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा।

यह है पूरा मामला
पुलिस ने मृतक के पिता डबवाली निवासी दुनी चंद तनेजा के बयान पर केस दर्ज किया था। तनेजा ने शिकायत में कहा था कि वह भारतीय डाक विभाग से रिटायर्ड हैं। उसका बेटा नवनीत उर्फ नीटा संगत कला स्थित एक पेट्रोल पंप पर बतौर मैनेजर तैनात था। डबवाली बठिंडा रोड पर सिटी सेंचुरी सिनेमा के पास उसकी बाइक क्षतिग्रस्त अवस्था में बरामद हुई थी। बाद में शव मिला था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस किया था। मृतक तीन बेटियों का पिता था।