पटरी से उतरी ट्रेन , 233 लोगो के मौत ,कई घायल
वंदे भारत 24 -: ओडिशा के बालासोर जिले में बहनागा रेलवे स्टेशन के पास कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें कम से कम 233 लोगों की मौत हुई है। वहीं सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। 12841 शालीमार-चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस के कई डिब्बे बहानागा स्टेशन के पास एक पटरी से उतर गए और दूसरी लाइन पर जा गिरे। रेलवे प्रवक्ता अमिताभ शर्मा ने बताया कि शाम करीब 7 बजे, शालीमार- चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस के 10-12 डिब्बे बालेश्वर के पास पटरी से उतर गए और दूसरे ट्रैक पर जा गिरे। कुछ समय बाद, यशवंतपुर से हावड़ा जाने वाली एक और ट्रेन उन पटरी से पड़े डिब्बों से टकरा गई, जिसके परिणामस्वरूप उसके 3-4 डिब्बे पटरी से उतर गए।

हादसा शुक्रवार शाम लगभग 7 बजे हुआ। दोनों ट्रेनों के कम से कम 12 डिब्बे पटरी से उतर गए और कम से कम 4 डिब्बे रेलवे लाइन के काफी दूर जा गिरे।
ओडिशा के मुख्य सचिव ने बताया कि 233 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 900 लोग घायल हुए हैं। घायलों को सोरो सीएचसी, गोपालपुर सीएचसी और खांटापाड़ा पीएचसी में भेजा गया है। सुपरफास्ट ट्रेन के पलटे हुए डिब्बों के अंदर और भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। हादसे के बाद हेल्पलाइन नंबर (6782262286) जारी किया गया है। लोग इस नंबर पर फोन कर जानकारी ले सकते हैं। बचाव अभियान शुरू किया गया और घायलों को बालासोर अस्पताल में स्थानांतरित किया जा रहा है।

ओडिशा के बालासोर से करीब 40 किलोमीटर दूर ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा इतना भीषण था कि कई डिब्बे दूर जाकर गिरे हैं। तलाशी और बचाव अभियान के लिए टीमें मौके पर पहुंची हैं। विशेष राहत आयुक्त कार्यालय ने कहा है कि कलेक्टर, बालासोर को भी सभी आवश्यक व्यवस्था करने के लिए मौके पर पहुंचने और राज्य स्तर से किसी भी अतिरिक्त मदद की आवश्यकता होने पर एसआरसी को सूचित करने का निर्देश दिया गया है।
ट्रेन पश्चिम बंगाल के शालीमार स्टेशन से निकलती है और चेन्नई के पुरची थलाइवर डॉ एमजी रामचंद्रन सेंट्रल रेलवे स्टेशन तक जाती है। ट्रेन ने दोपहर 3.30 बजे अपनी यात्रा शुरू की और बालासोर स्टेशन पर शाम 6.30 बजे पहुंची। इसे कल शाम 4.50 बजे चेन्नई पहुंचना था। सरकार ने कई हेल्पलाइन नंबर प्रदान किए हैं- 033-26382217, 8972073925, 6782262286, 93323923391

