Jalandharnews

नगर निगम में यूनियन का हंगामा, आउटसोर्स कर्मियों को स्थायी करने की उठी मांग

जालंधर। नगर निगम जालंधर में आज यूनियन द्वारा जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया। कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर यह प्रदर्शन किया।

सेनेट्री सुपरवाइजर इंप्लाइड यूनियन के प्रधान बंटू सभ्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि आउटसोर्स पर कार्यरत कर्मचारियों को स्थायी करने की मांग को लेकर यह धरना दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस दौरान दर्जा-4 के माली को स्थायी ड्राइवर के पद पर नियुक्त करने के विरोध में मुलाजिमों ने ब्रांच का कामकाज बंद रखा।

बंटू सभ्रवाल ने बताया कि नगर निगम कमिश्नर संदीप ऋषि से मुलाकात के लिए यूनियन दफ्तर पहुंची थी, लेकिन वहां मेयर विनीत धीर और कमिश्नर नहीं मिले। इसके चलते ज्वाइंट कमिश्नर सुमनदीप मैडम से वार्ता की गई। आरोप है कि निगम कमिश्नर पर दबाव होने के कारण कर्मचारियों को अपॉइंटमेंट लेटर जारी नहीं किया गया।

प्रधान ने आरोप लगाया कि निगम में दर्जा-4 के माली को स्थायी ड्राइवर के पद पर नियुक्ति पत्र जारी कर दिया गया है और उसका मेडिकल भी हो चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे उक्त व्यक्ति को निकालने के पक्ष में नहीं हैं, बल्कि इसी आधार पर बाकी आउटसोर्स कर्मचारियों को भी स्थायी किया जाए। इनमें 64 फीटर कूली, 40 माली, 13 जेसीबी ऑपरेटर, 50 वर्कशॉप ड्राइवर और 7 जेटिंग मशीन ऑपरेटर शामिल हैं।

बंटू सभ्रवाल ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों को जल्द नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए गए तो यूनियन सीवरेज, सफाई और कूड़ा लिफ्टिंग सेवाएं बंद करने पर मजबूर होगी।

धरने में यूनियन पदाधिकारी शम्मी लूथर, रिम्पी कल्याण, राजन कल्याण, बाबा राज किशोर, मनदीप सिंह समेत अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *