मेयर इंद्रजीत कौर के दफ्तर में हुआ हंगामा, भाजपा पार्षदों पर FIR दर्ज
पंजाब के लुधियाना में नगर निगम जोन-D कार्यालय में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) की मेयर मदिपुरी इंद्रजीत कौर से मुलाकात करने पहुंचे भाजपा पार्षदों और समर्थकों ने हंगामा किया। इसके बाद यह मामला थाना डिवीजन नंबर-5 में भाजपा पार्षद समेत 25 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मेयर इंद्रजीत कौर ने आरोप लगाया कि भाजपा पार्षद जबरन कार्यालय में घुसे और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्षदों ने इंद्रजीत कौर से मिलने की जबरदस्ती की, जबकि मेयर पहले से ही किसी अन्य कार्य में व्यस्त थीं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्षदों ने प्रशासनिक कार्य में बाधा डाली और कार्यालय में हंगामा किया। जैसे ही स्थिति बिगड़ने लगी, पुलिस को सूचना दी गई और उनकी ड्यूटी में तैनात पुलिस वहां पहुंच गई।
विवाद पर भाजपा की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। भाजपा जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान ने कहा, “हम जनता की समस्याओं को लेकर मेयर से मिलने गए थे। अगर मेयर जनता से मिलने को तैयार नहीं हैं, तो फिर टीवी पर यह दिखावा क्यों किया जाता है कि सब ठीक है।” उन्होंने आरोप लगाया कि निगम में भ्रष्टाचार व्याप्त है, विकास कार्य नहीं हो रहे हैं, और अधिकारियों की मनमानी चल रही है। भाजपा पार्षदों को जनता की समस्याएं उठाने का हक है, और यह विरोध शांतिपूर्ण था। भाजपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि मेयर ने जानबूझ कर विवाद खड़ा किया और पार्षदों को अपमानित किया।
मेयर कार्यालय में विवाद के बाद पार्षदों को सुरक्षा कर्मियों ने कार्यालय से बाहर निकाल दिया। इसके बाद भाजपा पार्षदों ने मेयर के खिलाफ नारेबाजी की। विवाद बढ़ने के बाद मामला थाना पहुंचा और भाजपा पार्षदों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। मेयर ने यह भी कि उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया, कार्य में बाधा डाली गई और उनके साथ अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया। पार्षदों ने गाली-गलौच की और कार्यालय में जबरन घुसे। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच चल रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।

