कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा बढ़ी
14..jan..लुधियाना जिला कचहरी को बुधवार सुबह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई। धमकी भरा ईमेल सामने आते ही कचहरी परिसर में दहशत का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बार एसोसिएशन के प्रधान ने सभी वकीलों को संदेश भेजकर चेंबर न आने की अपील की, ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके।
ईमेल मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। जिला कचहरी परिसर में तत्काल सर्च अभियान शुरू किया गया। पुलिस द्वारा हर आने-जाने वाले व्यक्ति की गहन तलाशी ली जा रही है और पूरे परिसर को छानबीन के दायरे में लिया गया है। फिलहाल पुलिस अधिकारी जांच पूरी होने से पहले कोई आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं, हालांकि सर्च ऑपरेशन जारी रहने की पुष्टि की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस ईमेल आईडी से धमकी भेजी गई है, उसे ट्रेस करने का प्रयास तेज कर दिया गया है। आईटी विभाग और साइबर सेल की टीमें लगातार तकनीकी जांच में जुटी हुई हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि ईमेल कहां से और किसने भेजा।
गौरतलब है कि इससे पहले भी पंजाब के सभी जिलों की कचहरियों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके बाद लुधियाना कचहरी में मॉक ड्रिल भी की गई थी। इसके अलावा 23 दिसंबर 2021 को लुधियाना जिला कचहरी में हुए बम ब्लास्ट में एक व्यक्ति की मौत और कई लोगों के घायल होने की घटना को देखते हुए इस बार धमकी को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि पूरी जांच और सुरक्षा आकलन के बाद ही स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी दी जाएगी।



