Crime

विजीलैंस ने फिर शुरू की जालंधर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के घोटाले की जांच,अफसरों को किया तलब

वंदे भारत – जालंधर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट में कांग्रेस सरकार के समय हुऐ घोटाले ने फिर से आग पकड़ ली है। इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के अधिकारियों और बाबुओं को फाइलों के साथ पूछताछ के लिए फिर से विजीलैंस ने बुलाना शुरू कर दिया है। मामला प्लाटों के वितरण से जुड़ा है। कांग्रेस सरकार के समय कुछ बाबुओं ने मिलकर गड़बड़ी की थी। जिस पर सरकार ने उन बाबुओं को सस्पैंड कर दिया था। सरकार बदलने के बाद पिछले कुछ महीने से जांच लंबित थी। अब इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन जगतार सिंह संघेडा ने फिर से जांच शुरू करवा दी है। सूत्र बता रहे हैं कि विजीलैंस ने इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के बाबुओं को दफ्तर तलब किया था।

इन बाबुओं को सूर्या एंक्लेव, मास्टर तारा सिंह नगर, शक्ति नगर समेत कई स्कीमों की फाइलों के साथ तलब किया गया था। विजीलैंस ने इन बाबुओं से पूछताछ भी की है। हालांकि विजीलैंस बड़े ही गुपचुप तरीके से जांच कर रही है।आपको बता दें कि कांग्रेस सरकार के समय इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के कुछ बाबुओं ने फाइनांस अफसर के साथ मिलकर ट्रस्ट को काफी रगड़ा लगाया था, तब डीसी के पत्र पर सरकार ने तीन बाबुओं को सस्पैंड भी कर दिया था। इसमें तत्कालीन ईओ भी शामिल थे। इसके बाद जांच ठंडे बस्ते में चली गई थी, जिसे अब फिर से शुरू किया गया है|